रायपुर में चमका बिहार, हिमांशु और विशाल का ब्राजील की जिम्नासियाड के लिए चयन
- *एसजीएफआई अंडर-18 ताइक्वांडो चयन ट्रायल में बिहार के दो खिलाड़ियों ने बनाई भारतीय टीम में जगह*
- *3 से 8 दिसंबर तक रियो डी जेनेरियो में दिखाएंगे दम*
*पटना:- 16 सितंबर 2026*:-छत्तीसगढ़ के रायपुर में 14 और 15 सितंबर को आयोजित एसजीएफआई अंडर-18 ताइक्वांडो चयन ट्रायल-2026 में बिहार के हिमांशु कुमार और विशाल कुमार ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर आईएसएफ जिम्नासियाड-2026 के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है।
इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि अब दोनों खिलाड़ी 3 से 8 दिसंबर 2026 तक रियो डी जेनेरियो, ब्राजील में होने वाली आईएसएफ जिम्नासियाड-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शेखपुरा जिले के हिमांशु कुमार ने अंडर-51 किलोग्राम वर्ग में अपनी जगह बनाई, जबकि गोपालगंज के विशाल कुमार अंडर-68 किलोग्राम वर्ग में चयनित हुए हैं।
आगे श्री शंकरण ने बताया कि आईएसएफ जिम्नासियाड दुनिया भर के स्कूली खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय खेल मंच है।
बिहार के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि राज्य के दो अलग-अलग जिलों से आने वाले इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया में अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए स्थान हासिल कर यह साबित कर दिया है कि बिहार के छोटे शहरों और जिलों से निकलने वाले खिलाड़ी भी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता रखते हैं। यह राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है जो अपने-अपने जिलों में खेल की शुरुआत कर बड़े मंच का सपना देखते हैं।
कोच विवेक प्रकाश और मैनेजर खुशबू कुमारी के मार्गदर्शन ने दोनों खिलाड़ियों के चयन में अहम भूमिका निभाई है।
0 Response to "रायपुर में चमका बिहार, हिमांशु और विशाल का ब्राजील की जिम्नासियाड के लिए चयन"
एक टिप्पणी भेजें