इंडिया स्किल 2025–26 रीजनल प्रतियोगिता (ईस्ट) में बिहार को मिला 28 पदकों की ऐतिहासिक जीत
भुवनेश्वर, ओडिशा में आयोजित इंडिया स्किल 2025–26 की रीजनल प्रतियोगिता (ईस्ट) में टीम बिहार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 28 पदक अपने नाम किए। बिहार के प्रतिभागियों ने 5 गोल्ड, 5 सिल्वर, 12 ब्रॉन्ज और 6 मेडलियन ऑफ एक्सीलेंस पुरस्कार हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया। इस उपलब्धि के साथ सभी विजेता प्रतिभागी अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। साथ ही एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस और कार पेंटिंग में दो प्रतिभागियों आशीष राजवंश और मो हुसैन को वॉकओवर के जरिए सीधे नेशनल स्तर पर प्रवेश मिला है।
इस अवसर पर आयोजित समापन समारोह में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित बिहार कौशल विकास मिशन के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हेमंत कुमार सिंह, एमडी मनीष शंकर और ईवाई के अमित कुमार उपस्थित रहे। हेमंत कुमार सिंह ने कहा कि यह सफलता केवल पदकों की संख्या नहीं, बल्कि बिहार के कौशल विकास की नई पहचान है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य के युवा राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे और शंघाई, चीन में भी बिहार का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने ये भी कहा कि क्षेत्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता की तैयारियों में एमडी मनीष शंकर की सराहनीय भूमिका रही है, जिसका प्रतिफल इस प्रतियोगिता में देखने को मिला है।
गोल्ड मेडल विजेताओं में आईटी नेटवर्क सिस्टम एडमिनिस्ट्रेशन में मोहम्मद अली, लॉजिस्टिक्स एंड फ्रेट फॉरवर्डिंग में प्रिंस, मोबाइल एप्लिकेशन डेवलपमेंट में हरिओम हर्ष, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग में एमडी दिलखुश और सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन डेवलपमेंट में अभिनव कुमार शामिल रहे। वहीं सिल्वर मेडल कुकिंग में सक़लैन खान, साइबर सिक्योरिटी में शाश्वत कुमार सिंह व सुमन कुमार, मोबाइल एप्लिकेशन डेवलपमेंट में ऋतू राज और पेंटिंग एंड डेकोरेशन में यश राज शामिल रहे। ब्रॉन्ज मेडल विजेताओं में ख़ुशी कुमारी बेकरी, डिम्पल कुमारी ब्यूटी थेरेपी, मौसम गिरी क्लाउड कम्प्यूटिंग, डिजिटल कंस्ट्रक्शन नीरज कुमार, इलेक्ट्रिकल इंस्टालेशन साहिल कुमार, फ़्लोरिस्ट्री स्नेहा कुमारी, आई सी टी नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर प्रह्लाद रॉय, मेक्ट्रोनिक्स संतोष कुमार, सूरज कुमार रिन्यूअल एनर्जी दिव्यम राज, सॉफ्टवेयर एप्लीक्शन डेवलपमेंट उदय कुमार, वाटर टेक्नोलॉजी अभिनन्दन कुमार और मेडलियन ऑफ एक्सीलेंस श्रेणी में ब्रिकलिंग अक्षय कुमार, फ़्लोरिस्ट्री रौशन कुमार, मेकेनिकल इंजीनियरिंग CAD आदित्य कुमार, जिउत कुमार, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग देव सिंह, वेब टेक्नॉलजी ऋतिक राज ने बेहतरीन प्रदर्शन कर बिहार की मजबूत तैयारी को साबित किया।
विशेष उल्लेखनीय है कि बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर व्यापक तैयारी कराई गई थी। राज्य स्तरीय चयन के बाद प्रतिभागियों को छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में 3216 घंटे का गहन प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य तकनीकी दक्षता, आत्मविश्वास और प्रतियोगी क्षमता को मजबूत करना था, जिसका सकारात्मक परिणाम इस ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में सामने आया। बिहार के युवाओं की यह सफलता राज्य में कौशल विकास की मजबूत नींव और दूरदर्शी प्रयासों का प्रमाण है। अब सभी की निगाहें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां ये प्रतिभागी एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के लिए तैयार हैं।
0 Response to "इंडिया स्किल 2025–26 रीजनल प्रतियोगिता (ईस्ट) में बिहार को मिला 28 पदकों की ऐतिहासिक जीत"
एक टिप्पणी भेजें