पटना में उद्योग एवं स्टार्टअप के लिए बेहतरीन इकोसिस्टम बनाने की पहल
*जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सिंगल विंडो क्लियरेंस को और प्रभावी बनाने का दिया निर्देश*
पटना, 16 सितम्बर 2026
पटना जिले में उद्योग, निवेश एवं स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए एक सशक्त एवं अनुकूल इकोसिस्टम विकसित करने की पहल की जा रही है । जिलाधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को निर्देश दिया है कि जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अंतर्गत कार्यरत स्टार्टअप एवं उद्यमियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए तथा उनके समक्ष आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि SIPB, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, PMFME, CGTMSE सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत संचालित स्टार्टअप एवं उद्यमों की नियमित रूप से समीक्षा की जाए। उद्यमों की स्थापना, विस्तार एवं संचालन में जिला स्तर पर आने वाली किसी भी समस्या का संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान कराया जाए।
उन्होंने कहा कि भूमि, एनओसी, विद्युत कनेक्शन, प्रदूषण, PHED अथवा किसी अन्य विभाग से संबंधित मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। ऐसे मामलों को सिंगल विंडो क्लियरेंस व्यवस्था के माध्यम से संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर निर्धारित समय-सीमा में निष्पादित किया जाए, ताकि उद्यमियों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें और व्यवसाय शुरू करने में सुविधा हो।
*यूथ कनेक्ट में मिले सुझावों पर भी होगी कार्रवाई*
जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले वर्ल्ड स्टार्टअप डे के अवसर पर आयोजित यूथ कनेक्ट कार्यक्रमों में युवा उद्यमियों एवं स्टार्टअप प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं उठाई गई समस्याओं को भी गंभीरता से लिया जाए। जिला स्तर पर समाधान योग्य मामलों का संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र निष्पादन किया जाए तथा राज्य स्तर से संबंधित मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान केवल योजनाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें व्यवसाय स्थापित करने से लेकर उसके विस्तार तक आवश्यक संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
*प्लगएंड प्ले सुविधा को मिलेगा बढ़ावा*
जिलाधिकारी ने प्लग एंड प्ले व्यवस्था को भी प्रभावी रूप से बढ़ावा देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्टार्टअप या उद्यमी द्वारा प्लग एंड प्ले सुविधा के तहत व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए आवेदन किया जाता है, तो पात्रता एवं उपलब्धता के अनुसार शीघ्र स्पेस आवंटन तथा आवश्यक अन्य सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाए।
पटना जिले में स्थित सभी सात औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं एवं सुविधाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। औद्योगिक क्षेत्रों में प्लग एंड प्ले सहित उद्यमियों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी व्यापक रूप से उपलब्ध कराने तथा जरूरत के अनुरूप सुविधाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी।
*ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस को मिलेगा नया आयाम*
जिलाधिकारी ने कहा कि ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस के उद्देश्य को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा यह अभिनव पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहाँ उद्यमियों को व्यवसाय शुरू करने, आवश्यक स्वीकृतियाँ प्राप्त करने और अपने उद्यम का विस्तार करने में न्यूनतम कठिनाई हो।
उन्होंने कहा कि पटना को उद्योग एवं निवेश के लिए अनुकूल गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए प्रशासन, उद्योग विभाग एवं संबंधित सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। नए उद्यमों की स्थापना से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर मिलेंगे तथा जिले की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमी जिले की आर्थिक प्रगति के महत्वपूर्ण साझेदार हैं। जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि उन्हें आवश्यक सुविधाएं, त्वरित विभागीय समन्वय और समस्या के समाधान के लिए एक प्रभावी तंत्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि पटना में अधिक से अधिक नए उद्योग एवं स्टार्टअप स्थापित हों और जिला तथा राज्य आर्थिक समृद्धि एवं रोजगार सृजन की दिशा में तेजी से आगे बढ़े।
0 Response to "पटना में उद्योग एवं स्टार्टअप के लिए बेहतरीन इकोसिस्टम बनाने की पहल"
एक टिप्पणी भेजें