विधानसभा उप चुनाव के मद्देनजर अवैध गतिविधियों पर रखें पैनी नजरः डी.एम.
पटना, बुधवार, दिनांक 08.07.2026ः बाँकीपुर विधानसभा उप चुनाव के मद्देनजर अवैध गतिविधियों तथा नकद, शराब एवं अन्य प्रलोभन की वस्तुओं के उपयोग पर प्रभावी रोक के लिए इन्फोर्समेंट एजेंसियों के साथ जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में बैठक हुई। बैठक में सामान्य प्रेक्षक श्री शिव सहाय अवस्थी, पुलिस प्रेक्षक श्री मुख्तार मोहसिन एवं व्यय प्रेक्षक श्री शिव प्रताप सिंह भी उपस्थित थे। व्यय कोषांग के वरीय प्रभारी पदाधिकारी श्री राजीव रंजन प्रभाकर ने बताया कि फ्लाईंग एवं स्टैटिक सर्विलांस टीम की प्रतिनियुक्ति हो गई है। उनके द्वारा आवश्यक निगरानी की जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निदेश दिया कि जाँच के क्रम में पूरी शालीनता बरती जाए तथा महिलाओं की जाँच महिला पदाधिकारी के द्वारा ही सुनिश्चित की जाए। सामान्य प्रेक्षक श्री शिव सहाय अवस्थी ने उप चुनाव निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन कराने का निदेश दिया। व्यय प्रेक्षक श्री शिव प्रताप सिंह ने बताया कि निर्वाचन कार्यों में व्यय के लिए अभ्यर्थियों के द्वारा अलग से बैंक खाता खोला जाए। साथ ही अवैध एवं संदेहपूर्ण बैंक ट्रांजेक्शन पर नजर रखी जाए। फ्लाईंग सर्विलांस टीम के वाहनों में जीपीएस लगाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा; उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. विपिन कुमार समेत आयकर, वाणिज्य-कर, मद्य निषेध आदि विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
0 Response to "विधानसभा उप चुनाव के मद्देनजर अवैध गतिविधियों पर रखें पैनी नजरः डी.एम."
एक टिप्पणी भेजें