मत्स्य किसानों- मछुआरों के कल्याण के लिए राज्य में चलाई जा रही हैं कई योजनाएं : माननीय मंत्री श्री नंदकिशोर राम
बिहार राज्य मछुआरा आयोग के नए कार्यालय का माननीय मंत्री श्री नंदकिशोर राम ने किया उद्घाटन
* राज्य में लगातार बढ़ा है मत्स्य उत्पादन, अब इसे और भी बढ़ाने के लिए हो रहा है प्रयास
* मछुआरों के कल्याण के लिए डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग की ओर से किए जा रहे हैं कई कार्य
पटना, 24 जून।
डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के माननीय मंत्री श्री नंदकिशोर राम ने बुधवार को कहा है कि राज्य सरकार मछुआरों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है, सरकार की कोशिश है कि मछुआरों की आय में वृद्धि हो और उनके जीवन में आर्थिक समृद्धि लाई जाए। उन्होंने बिहार राज्य मछुआरा आयोग के न्यू पुनाईचक, पटना स्थित नए कार्यालय का उद्घाटन किया।
इस मौके पर उन्होंने विभाग की ओर से मत्स्य किसानों- मछुआरों के कल्याण के लिए किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों और योजनाओं के बारे में बताया। माननीय मंत्री ने कहा कि राज्य में मत्स्य उत्पादन लगातार बढ़ा है, आने वाले दिनों में यह और भी बढ़ेगा, इसके लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि अपने बेहतरीन स्वाद और औषधीय गुणों के लिए प्रसिद्ध देशी मछलियां जल्द ही स्थानीय बाजार में आसानी से मिल पाएंगी। इसके लिए डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग मत्स्य प्रजाति विविधीकरण योजना लेकर आया है। इस योजना के तहत सिंघी, मरैल और झींगा जैसी विभिन्न देशी मछलियों के पालन पर सरकार 60 फीसदी का भारी अनुदान देने जा रही है। इससे जहां एक तरफ देशी प्रजाति की मछलियों का संरक्षण होगा वहीं दूसरी तरफ मत्स्य किसानों-मछुआरों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में मत्स्य उत्पादन 8.73 लाख मीट्रिक टन से बढ़ कर 10.28 लाख मीट्रिक टन हो गया है और अगले तीन वर्षों में 25 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष करने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है।
माननीय मंत्री श्री नंदकिशोर राम ने कहा कि मत्स्य किसानों को आधुनिक मछली पालन के गुर सिखाने के लिए विभाग भ्रमण दर्शन कार्यक्रम चला रहा है। कार्यक्रम के तहत इस वर्ष 3 हजार किसानों को राज्य के अंदर विकसित आधुनिक मछली पालन प्रक्षेत्र दिखाए जाएंगे। राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए 46 लाख 50 हजार रुपये की स्वीकृति दी है। इससे मछली पालन का तेजी से विकास होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मछली उत्पादन और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए राज्य में अब तक 68,890 मछली पालकों को राज्य के भीतर एवं बाहर स्थित मत्स्य संस्थानों में निःशुल्क आधुनिक प्रशिक्षण दिया गया है।
इस उद्घाटन समारोह में बिहार राज्य मछुआरा आयोग के माननीय अध्यक्ष श्री ललन कुमार, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव श्री शीर्षत कपिल अशोक, बिहार राज्य मछुआरा आयोग के उपाध्यक्ष अजीत कुमार समेत कई अन्य मौजूद थे।
0 Response to "मत्स्य किसानों- मछुआरों के कल्याण के लिए राज्य में चलाई जा रही हैं कई योजनाएं : माननीय मंत्री श्री नंदकिशोर राम"
एक टिप्पणी भेजें