राज्य में लैंगिक हिंसा मामलों में संवेदनशील एवं सशक्त तंत्र विकसित करने पर जोर
पटना, 12 मई।
महिला एवं बाल विकास निगम (WCDC) एवं सी.आई.डी. (कमजोर वर्ग), बिहार पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को पुलिस मुख्यालय, सरदार पटेल भवन स्थित ऑडिटोरियम में लैंगिक हिंसा की रोकथाम, कानूनी प्रावधानों की प्रभावी जानकारी तथा संवेदनशील तंत्र के सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार के पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लैंगिक हिंसा के मामलों में त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील व्यवहार तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है, ताकि पीड़िताओं को समयबद्ध न्याय एवं सहायता सुनिश्चित की जा सके।
कार्यशाला में अपर पुलिस महानिदेशक, कमजोर वर्ग, अपराध अनुसंधान विभाग, बिहार श्री डॉ अमित कुमार जैन, विशेष सचिव, गृह विभाग (विशेष शाखा) श्रीमती कासे सुहिता अनुपम, पुलिस उप महानिरीक्षक, कमजोर वर्ग, अपराध अनुसंधान विभाग, बिहार श्री आमिर जावेद, महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के प्रबंध निदेशक श्री योगेश कुमार सागर, यूएनएफपीए के स्टेट हेड ऑफ ऑफिस श्री ख्वाजा सादत नूर तथा सीएनएलयू की प्रोफेसर ऑफ लॉ श्रीमती मीता मोहिनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यशाला के दौरान एसिड अटैक पीड़िताओं ने अपने अनुभव साझा किए। साथ ही तीन एसिड अटैक पीड़िताओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में लैंगिक हिंसा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें कानूनी प्रावधानों की जानकारी, पीड़िताओं के संरक्षण एवं सहायता व्यवस्था तथा संवेदनशील तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला में डीएसपी-स्पेशल क्राइम, महिला थाना प्रभारी, प्रोटेक्शन ऑफिसर, महिला हेल्प डेस्क प्रभारी, वन स्टॉप सेंटर के केंद्र प्रशासक/इन-चार्ज सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
0 Response to "राज्य में लैंगिक हिंसा मामलों में संवेदनशील एवं सशक्त तंत्र विकसित करने पर जोर"
एक टिप्पणी भेजें