गन्ना परामर्शदात्री समिति की प्रथम बैठक सम्पन्न, किसानों की समस्याओं एवं सुझावों पर हुई विस्तृत चर्चा

गन्ना परामर्शदात्री समिति की प्रथम बैठक सम्पन्न, किसानों की समस्याओं एवं सुझावों पर हुई विस्तृत चर्चा

*पटना, 12 मई 2026*

गन्ना क्षेत्र के समग्र विकास, किसानों की आय में वृद्धि, गन्ना उत्पादन एवं उत्पादकता में सुधार तथा चीनी उद्योग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गठित “गन्ना परामर्शदात्री समिति” की प्रथम बैठक आज बामेती परिसर, पटना स्थित Auditorium Hall में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता ईखायुक्त, गन्ना उद्योग विभाग, बिहार, श्री अनिल कुमार झा द्वारा की गई।

बैठक में राज्य के गन्ना विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान किसानों ने गन्ना उत्पादन बढ़ाने एवं खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव विभाग के समक्ष रखे। किसानों ने गन्ना उगाने के क्षेत्रफल में वृद्धि, मनरेगा से मजदूरों को जोड़ने, कम लागत पर बीज उपलब्ध कराने, कृषि यंत्र सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने तथा सब्सिडी को कम से कम 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की मांग की।

किसानों ने बीज उपलब्धता में हो रही समस्याओं को दूर करने, सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सोलर पंप लगाने तथा जल-जमाव की समस्या के स्थायी समाधान की भी मांग रखी। इसके अतिरिक्त छोटे ट्रैक्टर उपलब्ध कराने, गैर-चीनी मिल क्षेत्रों में पौधा तैयार कर बीज उपलब्ध कराने एवं प्रत्येक क्षेत्र में बीज नर्सरी खोलने का सुझाव दिया गया, ताकि किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज कम लागत पर प्राप्त हो सके।

बैठक में किसानों द्वारा मिट्टी की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने, चीनी मिलों द्वारा खाद कम दरों पर उपलब्ध कराने, मिलों के संचालन से पूर्व गन्ना मूल्य निर्धारण करने तथा किसानों को समय पर एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
इस अवसर पर VC के माध्यम से ईख अनुसंधान संस्थान, पूसा के डायरेक्टर द्वारा वैज्ञानिक खेती, उन्नत किस्मों के प्रयोग एवं उत्पादकता वृद्धि से संबंधित तकनीकी सुझाव प्रस्तुत किए गए। विभागीय अधिकारियों एवं चीनी मिल प्रतिनिधियों ने किसानों को समय पर तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर अपने विचार रखे।

बैठक में ईखायुक्त श्री अनिल कुमार झा ने किसानों के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य में गन्ना क्षेत्र विस्तार एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर खोलने, जल-जमाव की समस्या के समाधान तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार गन्ना किसानों के हितों के संरक्षण एवं गन्ना आधारित उद्योगों के सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग की प्राथमिकता किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना तथा गन्ना विकास कार्यक्रमों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

बैठक में संयुक्त ईखायुक्त, श्री वेदव्रत कुमार, उप निदेशक / सहायक निदेशक, ईख विकास, राज्य की विभिन्न चीनी मिलों के प्रतिनिधियों, विभागीय पदाधिकारियों एवं नामित कृषकों ने भाग लिया। 

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई तथा सभी प्रतिभागियों ने बिहार में गन्ना क्षेत्र के समग्र विकास एवं किसानों की समृद्धि हेतु समन्वित प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

0 Response to "गन्ना परामर्शदात्री समिति की प्रथम बैठक सम्पन्न, किसानों की समस्याओं एवं सुझावों पर हुई विस्तृत चर्चा"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article