बिहार में कौशल क्रांति को नई रफ्तार के तहत हुआ BSDM-NSDC के बीच समझौता
*बिहार कौशल विकास मिशन एवं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के बीच हुआ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित*
पटना, 19 फरवरी 2026 : बिहार सरकार राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर, कुशल और रोजगारोन्मुख बनाने के अपने संकल्प की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। इसी क्रम में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित बिहार कौशल विकास मिशन (BSDM) और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के बीच आज पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता राज्य और केंद्र सरकार के बीच कौशल विकास के क्षेत्र में संस्थागत, दीर्घकालिक और रणनीतिक सहयोग का सशक्त ढांचा स्थापित करेगा।
इस MoU का उद्देश्य बिहार में कौशल विकास को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखते हुए उसे रोजगार, उद्यमिता और वैश्विक अवसरों से जोड़ना है। समझौते के अंतर्गत विश्वस्तरीय कौशल प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना, NSDC की अंतरराष्ट्रीय पहल से जुड़ाव, NSDC अकादमी कार्यक्रमों का विस्तार तथा राष्ट्रीय स्तर पर मोबिलाइजेशन केंद्रों की स्थापना जैसे कई महत्वपूर्ण आयाम शामिल किए गए हैं। इससे राज्य के युवाओं को आधुनिक और उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा।
समझौते का विशेष फोकस युवाओं को सूक्ष्म उद्यमिता और आजीविका विकास के लिए प्रेरित करना भी है, ताकि वे केवल रोजगार खोजने वाले नहीं बल्कि रोजगार सृजक बन सकें। पंचायत स्तर तक कौशल प्रशिक्षण की पहुंच सुनिश्चित करने, साथ ही स्नातक एवं स्नातकोत्तर युवाओं के लिए उन्नत और भविष्यपरक कौशल कार्यक्रम शुरू करने की योजना भी इस साझेदारी का अहम हिस्सा है।
इसके तहत पर्यटन, कंस्ट्रक्शन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया जाएगा। पर्यटन क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को गाइड, आतिथ्य सेवाओं और सांस्कृतिक उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। कंस्ट्रक्शन सेक्टर में आधुनिक तकनीक, ग्रीन बिल्डिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर कौशल पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं AI आधारित कौशल कार्यक्रम युवाओं को डिजिटल अर्थव्यवस्था और वैश्विक रोजगार अवसरों के लिए तैयार करेंगे।
यह केंद्र-राज्य स्तरीय साझेदारी बिहार में निजी क्षेत्र की भागीदारी और निवेश को भी बढ़ावा देगी। इससे उद्योग आधारित प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कौशल विकास को नई गति मिलेगी। इसके माध्यम से बिहार के युवा राज्य के भीतर, देश के अन्य हिस्सों में तथा वैश्विक बाजार में रोजगार प्राप्त करने में अधिक सक्षम बन सकेंगे।
सरकार ने इसे अपनी दीर्घकालिक विकास रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है। इस पहल के माध्यम से अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कौशल, रोजगार और उद्यमिता को जोड़ते हुए राज्य की आर्थिक वृद्धि, सामाजिक समावेशन और सतत विकास को सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
बिहार सरकार ने विश्वास व्यक्त किया है कि BSDM-NSDC का यह सहयोग राज्य के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा और बिहार को कौशल आधारित आर्थिक विकास के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में बिहार कौशल विकास मिशन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी -सह- सचिव, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, डॉ. कौशल किशोर, एनएसडीसी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, श्री अरुण कुमार पिल्लई, निदेशक, नियोजन एवं प्रशिक्षण, श्री सुनील कुमार, विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों के प्रमुख, अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, श्री हेमंत कुमार सिंह, मिशन निदेशक, बिहार कौशल विकास मिशन के साथ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
0 Response to "बिहार में कौशल क्रांति को नई रफ्तार के तहत हुआ BSDM-NSDC के बीच समझौता"
एक टिप्पणी भेजें