बिहार ने फिर रचा डिजिटल इतिहास : ‘भारत-विस्तार’ से किसानों तक पहुँचेगा एआई आधारित वैज्ञानिक परामर्श

बिहार ने फिर रचा डिजिटल इतिहास : ‘भारत-विस्तार’ से किसानों तक पहुँचेगा एआई आधारित वैज्ञानिक परामर्श

*बहुभाषी संवाद प्रणाली और चैटबॉट से किसानों को मिलेगा त्वरित समाधान — राम कृपाल यादव*
पटना, दिनांक 17 फरवरी 2026
जयपुर से माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में ‘भारत-विस्तार’ कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के माननीय कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने पटना स्थित कृषि भवन सभागार से वेबकास्ट के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए राज्य की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।
यह पहल देश में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) को सुदृढ़ करने तथा कृषि क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित नवाचारों को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के अंतर्गत किया गया, जिसमें तकनीक और कृषि के समन्वय से किसानों को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
माननीय कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने बताया कि ‘भारत-विस्तार’ की घोषणा केंद्रीय बजट 2026-27 में की गई थी। यह एक बहुभाषी, एआई आधारित उन्नत डिजिटल मंच है, जो एग्रीस्टैक पोर्टलों तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) द्वारा अनुशंसित कृषि पद्धतियों को एकीकृत कर किसानों को समेकित, सटीक, वैज्ञानिक एवं समयानुकूल परामर्श उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहा कि ‘भारत-विस्तार’ का लोगो उपयोग करने वाला बिहार देश का पहला राज्य है तथा इसकी चैटबॉट सुविधा का प्रयोग करने वाला भी अग्रणी राज्य है। यह उपलब्धि राज्य सरकार की तकनीकी नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता और कृषि के डिजिटल सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने वाली दूरदर्शी नीति का प्रमाण है।
मंत्री ने बताया कि यह एआई आधारित संवाद प्रणाली किसानों को फसल प्रबंधन, उर्वरक एवं कीटनाशी अनुशंसा, मौसम आधारित सलाह तथा अनुशंसित कृषि पद्धतियों से संबंधित जानकारी लिखित अथवा वॉइस कमांड के माध्यम से सहज रूप में उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘स्मार्ट कृषि’ का जो व्यापक विजन साकार हो रहा है, ‘भारत-विस्तार’ उसी का सशक्त उदाहरण है। माननीय केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में आईसीएआर द्वारा विकसित यह प्रणाली किसानों तक वैज्ञानिक परामर्श सीधे पहुँचाने का कार्य करेगी।
माननीय मंत्री ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार इस पहल को लागू करने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल है, जो राज्य की किसान-हितैषी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ‘भारत-विस्तार’ का उद्देश्य किसानों तक खेती से जुड़ी जानकारी और सेवाएँ सीधे संवाद के माध्यम से त्वरित एवं सरल भाषा में उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि ‘भारत-विस्तार’ केवल एक तकनीकी व्यवस्था नहीं, बल्कि एक व्यापक परिवर्तन की शुरुआत है — जहाँ तकनीक, ज्ञान और किसान एक साथ आगे बढ़ते हैं। हमारी सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है — “किसान समृद्ध होगा तो बिहार समृद्ध होगा।” उन्होंने किसानों से इस डिजिटल पहल का अधिकाधिक उपयोग करने तथा आधुनिक, वैज्ञानिक एवं आत्मनिर्भर खेती की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विशेष सचिव, कृषि विभाग डॉ. वीरेन्द्र प्रसाद यादव, विशेष सचिव श्री शैलेन्द्र कुमार, प्रबंध निदेशक बीआरबीएन श्री स्पर्श गुप्ता, अपर सचिव श्रीमती कल्पणा कुमारी, अपर सचिव श्री मनोज कुमार, माननीय मंत्री के आप्त सचिव श्री सुरेन्द्र प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।

0 Response to "बिहार ने फिर रचा डिजिटल इतिहास : ‘भारत-विस्तार’ से किसानों तक पहुँचेगा एआई आधारित वैज्ञानिक परामर्श"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article