विदेश सेवा के अधिकारियों ने किया श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का दौरा,  योजनाओं की ली विस्तृत जानकारी

विदेश सेवा के अधिकारियों ने किया श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का दौरा, योजनाओं की ली विस्तृत जानकारी

पटना, 19 जनवरी 2026।
प्रवेशकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत भारतीय विदेश सेवा के पदाधिकारियों ने राज्य भ्रमण के दौरान आज श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार सरकार के वरीय अधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी श्री अमन पटेल, श्री केशव राज, श्री वैभव कुमार, सुश्री देविका प्रियदर्शिनी, श्री मयंक भारद्वाज एवं श्री मोनू शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने विभाग के विशेष सचिव श्री सुनील कुमार यादव एवं श्रमायुक्त श्री राजेश भारती के साथ विभाग के वरीय अधिकारियों से मुलाकात कर विभागीय कार्यों और श्रमिक कल्याण योजनाओं एवं उनके कार्यान्वयन के विषय में विस्तृत जानकारी प्राप्त किया।
उक्त अवसर पर विभाग के विशेष सचिव श्री सुनील कुमार यादव ने निर्माण क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के कल्याण हेतु बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना, बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा (संशोधन) योजना, 2024 के अंतर्गत शिल्पकार श्रमिकों को मिलने वाले लाभों तथा गिग वर्कर्स के हित में संचालित विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्यों और प्रभावों को भी रेखांकित किया।

श्रमायुक्त श्री राजेश भारती ने केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई चार श्रम संहिताओं की जानकारी साझा करते हुए उनके प्रावधानों और श्रमिकों के लिए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा विदेश में कार्य करने जाने वाले श्रमिकों को PDOT (प्री-डिपार्चर ओरिएंटेशन ट्रेनिंग) के माध्यम से आवश्यक जानकारी, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाता है, ताकि वे विदेश में सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य कर सकें।

श्रमायुक्त ने यह भी बताया कि भाषाई और सांस्कृतिक बाधाओं को दूर करने के लिए विदेशी मांग के अनुरूप विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इससे प्रवासी श्रमिकों को न केवल रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं, बल्कि वे अंतरराष्ट्रीय कार्यस्थलों पर खुद को अधिक सक्षम रूप से स्थापित कर पाते हैं।
इस अवसर पर भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विदेशों में कार्यरत भारतीय श्रमिकों की स्थिति, चुनौतियों एवं संभावनाओं पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के समापन पर विशेष सचिव एवं श्रमायुक्त द्वारा सभी अधिकारियों को श्रमिक सम्मान और संघर्ष के प्रतीक दशरथ मांझी का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक में विभाग के अन्य वरीय अधिकारी एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

0 Response to "विदेश सेवा के अधिकारियों ने किया श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का दौरा, योजनाओं की ली विस्तृत जानकारी"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article