एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के पांचवें चरण की शुरुआत में दिखी एकजुटता, समस्तीपुर में कार्यकर्ताओं का उमड़ा जनसैलाब
*घटक दलों के अध्यक्षों ने एक स्वर में विधानसभा चुनाव में 225 पार करने के लिए कार्यकर्ताओं को किया संकल्पित*
*कार्यकर्ताओं की कर्तव्यनिष्ठा से संगठन को मिलता है बल: डॉ. दिलीप जायसवाल*
*भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं के जज्बे को किया सलाम, कहा - यही जज्बा एनडीए की सफलता का उद्घोष*
*एनडीए सरकार में महिलाओं के सशक्तिकरण को मिल रही नई उड़ान: डॉ. दिलीप जायसवाल*
*एनडीए एकजुट, बिहार में विकास का रथ अब नहीं रुकने वाला: डॉ. दिलीप जायसवाल*
*एनडीए सरकार बिहार के लोगों के सपने को पूरा कर रही : डॉ. दिलीप जायसवाल*
*बिहार विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर: उमेश सिंह कुशवाहा*
*विपक्ष को देश की विरासत और विकास से कोई मतलब नहीं : राजू तिवारी*
*आगामी विधानसभा चुनाव में नया रिकॉर्ड बनेगा: मदन चौधरी*
पटना, 27 फरवरी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कार्यकर्ता सम्मेलन के पांचवें चरण की शुरुआत आज समस्तीपुर से हुई। समस्तीपुर के पटेल मैदान में आयोजित इस कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत से ही एनडीए कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह दिखा और एनडीए के पांचों घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने इन उत्साहित कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए एकजुटता की ताकत का एहसास कराया।
एनडीए घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने एनडीए कार्यकर्ताओं को प्रदेश में 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए संकल्पित किया तथा एक ही लक्ष्य बनाने की अपील की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पटेल मैदान में कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह की लहर से विपक्ष अभी ही धराशायी हो गया है।
उन्होंने कहा कि चार चरणों के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं की जो कर्तव्यनिष्ठा देखने को मिली है, उसी से संगठन को बल मिलता है। इन सम्मेलनों ने भी कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाया है और यह साफ कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में हम 'पांडवों' की जीत तय है।
उन्होंने मैदान में उत्साहित कार्यकर्ताओं के जज्बे को प्रणाम करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का यही जज्बा आने वाले विधानसभा के परिणाम का उद्घोष है। उन्होंने कहा कि यह जज्बा प्रदेश के लिए गलत भी नहीं है। एनडीए कार्यकर्ताओं की मेहनत और उत्साह से बिहार में फिर से सुशासन की सरकार बनेगी और बिहार के विकास की गति और तेज होगी। कोई भी प्रदेशवासी अपने प्रदेश का विकास देखना चाहता है।
इस एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के अलावा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि एनडीए सरकार में महिलाओं के सशक्तिकरण को नई उड़ान मिल रही है। आज बिहार में महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। कल बिहार की महिलाएं जहां सुरक्षा की बात करती थीं, लेकिन आज पुलिस विभाग में पहुंचकर ये महिलाएं राज्य के लोगों को सुरक्षित कर रही हैं। आज महिलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मुख्य कड़ी बन गई हैं। आज महिलाएं लखपति दीदी बन रही हैं। यही तो विकसित बिहार की ओर बढ़ने का आगाज है।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अब बिहार के लोग कभी नहीं चाहेंगे कि यह विकास का रथ रुके, यही कारण है कि वे कभी नहीं चाहेंगे कि बिहार को फिर वह दुर्दिन देखना पड़े जब सड़कों में गड्ढे थे, गांव में बिजली नहीं थी। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने जब जंगलराज वालों से प्रदेश को मुक्त किया था, तब उन्होंने कई सपने देखे थे, आज उन्हीं सपनों को एनडीए की सरकार पूरा कर रही है। युवाओं की बात हो या महिलाओं की, किसानों की बात हो या छात्रों की, सभी के सपने पूरे हो रहे हैं।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि विपक्ष को भी अब समझ लेना चाहिए कि वे कुछ भी कर लें, उनका बिहार के प्रति किया गया 'पाप' उन्हें नहीं छोड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के अंदर हुए विकास की चर्चा आज देश में हो रही है। बिहार विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। केंद्र सरकार से मिल रही मदद से बिहार के विकास की रफ्तार बढ़ चुकी है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि आज बिहार की प्रतिष्ठा देश में बढ़ी है तो देश की प्रतिष्ठा दुनिया में बढ़ी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकास कर रहा है।
इधर, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि बिहार में एनडीए के सुशासन को लगातार जनता का समर्थन मिला है और आगे भी मिलेगा। उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि आज विपक्ष जो कह ले, लेकिन उनके नेताओं के बयानों से साफ दिखता है कि उन्हें न देश की विरासत से मतलब है, न देश और प्रदेश की संस्कृति और विकास से मतलब है। उन्हें बस सत्ता से मतलब है।
हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि सही अर्थों में यह कार्यकर्ता सम्मेलन से जहां कार्यकर्ताओं में उत्साह है, वहीं इस सम्मेलन से विपक्ष पस्त हो गया है। अब उन्हें कोई मुद्दा तक नहीं मिल रहा है। उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि अब विपक्ष भ्रम फैलाने की कोशिश करेगा। वैसे यह तय है कि बिहार की जनता कभी भी महागठबंधन की सरकार नहीं बनने देगी।
रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने कहा कि राजद काल के शासनकाल को बिहार की जनता कभी नहीं भूल सकती है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में न केवल एनडीए विजयी होगी, बल्कि जीत के सभी पुराने रिकॉर्ड टूटेंगे। यहां के लोगों को एनडीए के प्रति विश्वास हो चुका है।
0 Response to "एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के पांचवें चरण की शुरुआत में दिखी एकजुटता, समस्तीपुर में कार्यकर्ताओं का उमड़ा जनसैलाब"
एक टिप्पणी भेजें