प्राकृतिक खेती और वैज्ञानिक पशुपालन से टिकाऊ कृषि को मिलेगा बढ़ावा
भोजपुर के दो गाँवों में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना द्वारा टिकाऊ कृषि, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं वैज्ञानिक पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 नवंबर, 2026 को बिहार के भोजपुर जिले के कोइलवर प्रखंड अंतर्गत विरमपुर एवं मोहकमपुर गांवों में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत दो किसान जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. अनुप दास के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों में कुल 82 किसानों ने भाग लिया। इनमें विरमपुर के 40 किसान (28 पुरुष एवं 12 महिलाएं) तथा मोहकमपुर के 42 किसान (37 पुरुष एवं 5 महिलाएं) शामिल थे।
कार्यक्रमों में संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. पी. के. राय एवं मुख्य तकनीकी अधिकारी डॉ. काशीनाथ ने विशेषज्ञ के रूप में किसानों को संबोधित किया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, भोजपुर के विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. सच्चिदानंद सिंह तथा उत्कर्ष फाउंडेशन के कार्यक्रम समन्वयक श्री गौरव शंकर उपस्थित रहे।
संवादात्मक सत्रों के दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, कृषि लागत कम करने एवं टिकाऊ उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गोबर खाद, वर्मीकम्पोस्ट, जैव उर्वरकों तथा अन्य प्राकृतिक कृषि आदानों के उपयोग पर जोर दिया। साथ ही, किसानों को एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन की पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया।
फसल प्रबंधन के साथ-साथ वैज्ञानिकों ने वैज्ञानिक पशुपालन के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से जानकारी दी। इसमें पशुओं के लिए संतुलित आहार, हरे चारे का उत्पादन, खनिज मिश्रण की उपलब्धता, समय पर टीकाकरण एवं कृमिनाशन, रोगों से बचाव, प्रजनन प्रबंधन तथा पशुशाला की स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। विशेषज्ञों ने फसल एवं पशुपालन के समन्वित प्रबंधन को प्रोत्साहित करते हुए पशुओं के गोबर एवं मूत्र से जैविक खाद तैयार करने की विधियों के बारे में भी बताया। कार्यक्रमों में शामिल किसानों ने प्राकृतिक खेती एवं वैज्ञानिक पशुपालन से संबंधित व्यावहारिक जानकारियों में रुचि दिखाई। उन्होंने कृषि लागत कम करने तथा मृदा स्वास्थ्य में सुधार के लिए वर्मीकम्पोस्ट एवं जैव उर्वरकों जैसे जैविक आदानों को अपनाने में भी अपनी रुचि व्यक्त की।
0 Response to "प्राकृतिक खेती और वैज्ञानिक पशुपालन से टिकाऊ कृषि को मिलेगा बढ़ावा"
एक टिप्पणी भेजें