भ्रष्टाचार एवं सरकारी वाहन के दुरुपयोग के मामले में मद्यनिषेध विभाग के अवर निरीक्षक नितीश कुमार सेवाच्युत

भ्रष्टाचार एवं सरकारी वाहन के दुरुपयोग के मामले में मद्यनिषेध विभाग के अवर निरीक्षक नितीश कुमार सेवाच्युत


पटना, दिनांक: 17 नवंबर, 2026।

मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा भ्रष्टाचार, अवैध राशि की वसूली तथा विभागीय वाहन के दुरुपयोग के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए नवादा में पदस्थापित अवर निरीक्षक मद्यनिषेध नितीश कुमार को सेवाच्युति की शास्ति अधिरोपित किया गया है।

 नितीश कुमार के विरुद्ध 11 अगस्त, 2025 की रात्रि में शराब सेवन के आरोप में पकड़े गए व्यक्तियों से अवैध रूप से राशि प्राप्त करने तथा ऑनलाइन माध्यम से ₹34,000 प्राप्त कर उन्हें छोड़ने का आरोप था। इसके अतिरिक्त, 13 अगस्त, 2025 की रात्रि में विभागीय वाहन को अनधिकृत एवं असामाजिक व्यक्तियों को उपलब्ध कराने तथा उसका दुरुपयोग किए जाने का मामला भी सामने आया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग द्वारा नियमानुसार अनुशासनिक कार्यवाही संचालित की गई। गठित संचालन पदाधिकारी द्वारा प्रस्तुत जाँच प्रतिवेदन में संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध लगाए गए आरोप प्रमाणित पाए गए। जाँच के दौरान गृह रक्षकों, वाहन चालक एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के लिखित बयान तथा बैंकिंग लेन-देन से संबंधित साक्ष्यों की समीक्षा की गई।

जाँच प्रतिवेदन के अनुसार, संबंधित पदाधिकारी द्वारा अवैध रूप से प्राप्त ₹34,000 की राशि वापस करने के लिए स्वयं गोविन्दपुर थाना, नवादा में उपस्थित होने तथा उक्त राशि की जब्ती किए जाने की पुष्टि हुई। साथ ही, विभागीय वाहन को बिना किसी अधिकृत मद्यनिषेध पदाधिकारी अथवा सिपाही के अनधिकृत व्यक्तियों को सौंपे जाने एवं वाहन के माध्यम से अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप भी प्रमाणित पाए गए।

संचालन पदाधिकारी के जाँच प्रतिवेदन एवं संबंधित पदाधिकारी द्वारा प्रस्तुत बचाव अभिकथन की समीक्षा के बाद विभाग ने बचाव पक्ष के तर्कों को स्वीकार योग्य नहीं पाया। इसके फलस्वरूप बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-18(3) के तहत की गई कार्रवाई के उपरांत नितीश कुमार, निलंबित अवर निरीक्षक मद्यनिषेध, नवादा को सेवाच्युति की शास्ति अधिरोपित की गई है।

0 Response to "भ्रष्टाचार एवं सरकारी वाहन के दुरुपयोग के मामले में मद्यनिषेध विभाग के अवर निरीक्षक नितीश कुमार सेवाच्युत"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article