गांधी मैदान में भव्यता के साथ आयोजित होगा दशहरा  महोत्सव

गांधी मैदान में भव्यता के साथ आयोजित होगा दशहरा महोत्सव

पटना, 07 अक्टूबर 2026

 गांधी मैदान, पटना में इस वर्ष दशहरा महोत्सव  का भव्य आयोजन किया जाएगा।  श्री कृष्ण स्मारक विकास समिति तथा कला एवं संस्कृति विभाग के सौजन्य से आयोजित होने वाला दशहरा महोत्सव 11 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक  चलेगा.  गाँधी मैदान में ही 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक रामलीला का भी आयोजन होगा। आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, सुविधाजनक एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ ससमय पूर्ण करने का निर्देश प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजेश कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को दिया।

आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि गांधी मैदान में आयोजित होने वाले इन महोत्सवों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने तथा कार्यक्रम स्थल पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा वाहनों के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा। कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, गांधी मैदान में लगी सभी लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

महोत्सव की अवधि में निर्बाध एवं पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए PESU के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियाँ समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, आयोजन प्रबंधन को विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था रखने को भी कहा गया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने गांधी मैदान में पर्याप्त संख्या में फायर ब्रिगेड की उपलब्धता, नियमित पेयजल आपूर्ति तथा पर्याप्त संख्या में अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावी स्क्रीनिंग व्यवस्था करने तथा मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास की सुव्यवस्थित व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। भीड़ प्रबंधन एवं निगरानी के लिए गांधी मैदान में वॉच टावर बनाए जाएंगे तथा पूरे कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही, गांधी मैदान में कंट्रोल रूम एवं एक अतिरिक्त स्थायी पुलिस आउटपोस्ट की व्यवस्था की जाएगी।

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि दशहरा एवं रामलीला महोत्सव के दौरान गांधी मैदान में आने वाले श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के आवागमन, सुरक्षा एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियाँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा सभी व्यवस्थाओं का पूर्व से निरीक्षण कर आवश्यक कमियों को दूर कर लिया जाए। गांधी मैदान में दशहरा एवं रामलीला महोत्सव को पूरी भव्यता, गरिमा और सुरक्षित वातावरण में आयोजित करने के लिए जिला एवं प्रमंडलीय प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं।

बैठक में एसपी ट्रैफिक श्री सागर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री कृतिका मिश्रा उपनिदेशक खाद्य,श्रीमती प्रतिभा सिन्हा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

0 Response to "गांधी मैदान में भव्यता के साथ आयोजित होगा दशहरा महोत्सव"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article