बाढ़ एवं अत्यधिक वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तेजी से हो रही मरम्मति
पटना, 07 अक्टूबर 2026
बाढ़ एवं अत्यधिक वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति का कार्य पटना जिला में मिशन मोड में तेज गति से संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के सभी संबंधित प्रमंडलों के साथ निरंतर समन्वय एवं नियमित समीक्षा के माध्यम से मरम्मति कार्यों में तेजी लाई जा रही है, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
जिला अंतर्गत सड़क निर्माण से संबंधित विभिन्न प्रमंडलों द्वारा कुल 1,103 स्थलों पर सड़कों की मरम्मति के लिए चिन्हित किया गया था, जिनमें से 555 स्थलों पर मरम्मति कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अब तक मरम्मति की जा चुकी सड़कों की कुल लंबाई 105 किलोमीटर से अधिक है। शेष चिन्हित स्थलों पर भी मरम्मति कार्य तेजी से जारी है।
ग्रामीण कार्य विभाग के पटना प्रमंडल के अंतर्गत मरम्मति के लिए चिन्हित 96 स्थलों में से 53 स्थलों पर कार्य पूर्ण हो चुका है। मसौढ़ी प्रमंडल में चिन्हित 18 स्थलों में से 11, दानापुर प्रमंडल में 16 में से 8 तथा पालीगंज प्रमंडल में चिन्हित 73 स्थलों में से 17 स्थलों पर मरम्मति कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं, बाढ़ प्रमंडल के अंतर्गत चिन्हित 166 स्थलों में से 6 स्थलों पर कार्य पूर्ण हो गया है तथा शेष स्थलों पर कार्य प्रगति पर है।
इसी प्रकार, पथ निर्माण विभाग के पटना सिटी प्रमंडल के अंतर्गत चिन्हित 120 स्थलों में से 109 स्थलों पर मरम्मति कार्य पूरा कर लिया गया है। पश्चिमी प्रमंडल के अंतर्गत चिन्हित सभी 129 स्थलों पर मरम्मति कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं, न्यू कैपिटल प्रमंडल के अंतर्गत चिन्हित 355 स्थलों में से 92 स्थलों पर कार्य पूरा किया जा चुका है तथा शेष स्थलों पर मरम्मति कार्य तेजी से चल रहा है।
NHAI के द्वारा चिन्हित 130 स्थलों में सबकी मरम्मति हो चुकी है
जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने सभी संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया है कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि सड़क मरम्मति कार्य में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि उनके क्षेत्र में यदि ऐसी कोई सड़क चिन्हित होती है, जिसकी मरम्मति आवश्यक है, लेकिन वह वर्तमान सूची में शामिल नहीं है, तो ऐसी सड़कों की सूची तत्काल संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को उपलब्ध कराई जाए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी आवश्यक सड़क मरम्मति से वंचित न रहे तथा आमजन को अधिकतम सुविधा मिल सके।
जिला प्रशासन द्वारा सड़क मरम्मति अभियान की निरंतर निगरानी की जा रही है। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शेष क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है, ताकि बाढ़ एवं अत्यधिक वर्षा के कारण उत्पन्न हुई आवागमन संबंधी कठिनाइयों को जल्द से जल्द दूर कर सड़कों की स्थिति सामान्य एवं आवागमन को सुगम बनाया जा सके।
0 Response to "बाढ़ एवं अत्यधिक वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तेजी से हो रही मरम्मति"
एक टिप्पणी भेजें