पूरी सजगता एवं सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारीः डी.एम.

पूरी सजगता एवं सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारीः डी.एम.

चेहल्लुम के अवसर पर प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारी पूरी सजगता एवं सतर्कता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। संबंधित थानाध्यक्ष शांति समिति की बैठक कर लें एवं स्थानीय लोगों के साथ निरंतर संवाद कायम रखें। उक्त बातें जिलाधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने चेहल्लुम पर्व के अवसर पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जो भी जुलूस निकाले जायें उन्हें विधिवत लाईसेंस प्राप्त हो। जुलूस के मार्ग का पहले से ही भौतिक सत्यापन करा लिया जाये। विद्युत विभाग को जुलूस के रास्ते में बिजली के तारों को ठीक कर लेने को कहा गया। जुलूस के मार्ग में यदि पेड़ों की टहनियों को कांटने-छांटने की आवश्यकता हो तो वह भी ससमय कर लेने का निर्देश दिया गया। 

*जुलूसों की होगी ड्रोन से वीडियोग्राफी, साईबर सेल को सोशल मीडिया पर नजर रखने का निदेश*
---------------------------------

जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों से कहा कि जुलूस की पूरी वीडियोग्राफी अवश्य की जाये। ड्रोन से भी वीडियोग्राफी करायें। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान कोई ऐसी गतिविधि न हो जिनसे किसी की भावना आहत होती हो। साईबर सेल को सोशल मीडिया पर भी निरंतर निगरानी रखने एवं किसी तरह की अफवाह फैलाने वाले पर कठोर कार्रवाई का निदेश दिया गया। 

*जुलूस के साथ-साथ रहेंगे दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी*
---------------------------------

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निदेश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी जुलूस के साथ-साथ रहें। संबंधित थानाध्यक्ष जुलूस के प्रारंभ होने के स्थल से जुलूस की समाप्ति स्थल तक साथ-साथ जायें। संवेदनशील इलाके में वरीय पदाधिकारी खुद उपस्थित रहेंगे तथा विशेष सतर्कता बरतेंगे। चिन्हित स्थलों पर रैपिड एक्शन फोर्स एवं क्यूआरटी भी मौजूद रहेंगी।

सम्बंधित नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। विधि-व्यवस्था की दृष्टि से सभी सम्बंधित विभाग यथाः- नगर निकाय, विद्युत, स्वास्थ्य, अग्निशाम, यातायात आदि के पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन करने को कहा गया। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे।

0 Response to "पूरी सजगता एवं सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारीः डी.एम."

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article