आपसी समन्वय एवं सहयोग से निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न करावें चुनावः प्रेक्षक

आपसी समन्वय एवं सहयोग से निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न करावें चुनावः प्रेक्षक

पटना, सोमवार, दिनांक 27.07.2026ः आपसी समन्वय एवं सहयोग से उक्त चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न करावें। पुलिस प्रेक्षक श्री राकेश अग्रवाल ने बाँकीपुर विधान सभा उप चुनाव से जुड़े कोषांगों के नोडल पदाधिकारी तथा पुलिस एवं केन्द्रीय बलों के पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय में आयोजित बैठक में उक्त बातें कहीं। उन्होंने बताया कि सभी 422 बूथों पर केन्द्रीय सशस्त्र बल तैनात रहेंगे। उन्होंने केन्द्रीय बलों एवं जिला बलों को साथ मिलकर पूरे क्षेत्र में फ्लैग मार्च का निर्देश दिया जिससे कि लोग भयमुक्त माहौल में बढ़-चढ़ कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। 

*रात्रि में बूथों पर ही रूकेंगे मतदान कर्मी*
--------------------------------

सामान्य प्रेक्षक श्री शिव सहाय अवस्थी ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि बाँकीपुर विधान सभा उप चुनाव में प्रतिनियुक्त मतदान पदाधिकारी रात्रि में अपने-अपने बूथों पर ही रहें जिससे कि सुबह में मतदान का कार्य समय पर बिना किसी बाधा के शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि ई.वी.एम. एवं वी.वी.पैट से मॉकपोल करते समय भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जाये। इस चुनाव में दो बैलेट यूनिट का प्रयोग होना है, इस लिये इन्हे कनेक्ट करने सबको आये इसे अवश्य सुनिश्चित किया जाये। जहाँ एक ही जगह कई बूथ हों वहाँ मतदाताओं की लाईन लगाने के लिये फैसिलिटेटर भी जरूर रहे। मतदान के बाद ई.वी.एम. आसानी से एवं सुरक्षित जमा हो, इसे भी सुनिश्चित किया जाये।

*चुनावी खर्च पर रखें पैनी नजर*
--------------------------------
 
व्यय प्रेक्षक श्री शिव प्रताप सिंह ने सभी सम्बंधितों से कहा कि वे अभ्यर्थियों द्वारा चुनाव कार्य में किये जा रहे खर्च पर पैनी नजर रखें एवं व्यय कोषांग को स्पष्टता से रिपोर्ट करें। 
*चुनाव कार्य के दौरान निष्पक्ष रहें और अपने आचरण-व्यवहार से निष्पक्ष दिखें भीः डीएम*
--------------------------------

जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने मतदान से जुड़े सभी पदाधिकारियों से कहा कि चुनाव कार्य के दौरान निष्पक्ष रहें एवं अपने आचरण व्यवहार से निष्पक्ष दिखे भी। सेक्टर आफिसरों से उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि मतदान कर्मियों के ठहरने से लेकर खाने-पीने तक की सुविधा बूथों पर ही उपलब्ध रहे। 

मतदान के लिये सामग्री प्राप्त करने से वोटिंग बाद जमा करने तक की अवधि में कहीं अन्यत्र न रूकें। चलंत बूथों को पूरी तरह वाटर प्रूफ बनायें एवं वहाँ भी सभी तरह की सुविधा उपलब्ध रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी बूथों पर सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने हैं। सभी बूथों की लाईव वेबकास्टिंग होगी। यदि किसी बूथ के पास जल जमाव की स्थिति हो तो नगर निगम से कहा गया  कि वे जल निकासी की उचित व्यवस्था कर लें। 

जिला पदाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट से कहा कि यदि किसी बूथ को ई.वी.एम. में कोई समस्या आती है तो ई.वी.एम. बदलने से लेकर जमा करने तक के कार्य में भारत निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि चुनाव सम्बंधी किसी भी सामग्री के लाने-ले जाने की पूरी वीडियोग्राफी हो। सभी लोग सतर्क रह कर काम करें। उन्होंने कहा कि मास्टर ट्रेनरों की प्रतिनियुक्ति का लोकेशन इस प्रकार रहे कि वे किसी भी बूथ पर तुरंत पहुँच सके। जिलाधिकारी ने सभी बूथों पर मतदाता हेल्पडेस्क की व्यवस्था भी करने को कहा। 

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने सुरक्षा की तैयारी के बारे में बताते हुये कहा कि पुलिस पदाधिकारी, केन्द्रीय बल एवं मतदान दल के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर काम करें एवं इस चुनाव को पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न करावें। 

बैठक में बाँकीपुर विधान सभा उप चुनाव के निर्वाची पदाधिकारी श्री राघवेन्द्र प्रताप सिंह समेत सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

0 Response to "आपसी समन्वय एवं सहयोग से निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न करावें चुनावः प्रेक्षक"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article