लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं होमबायर्स के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता‘‘सुरक्षित घर, समयबद्ध न्याय’’ नीतीश मिश्रा
*पटना, दिनांक 18 जून 2026:*
नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री श्री नीतीश मिश्रा ने आज बिहार रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) के कार्यों एवं प्रगति की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में रेरा के चेयरमैन श्री विवेक कुमार सिंह, विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार, रेरा के जाँच आयुक्त श्री संजय कुमार सिंह, संयुक्त सचिव, श्री मनोज कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री श्री मिश्रा ने रेरा के समक्ष लंबित मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निष्पादन पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों और गृह क्रेताओं से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि रेरा का मूल उद्देश्य रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना है, इसलिए प्रत्येक निर्णय में जनहित सर्वोपरि होना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि राज्य में तेजी से बढ़ रहे शहरीकरण को देखते हुए भवन निर्माण की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों को भूकंप रोधी निर्माण तकनीकों एवं मानकों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं टिकाऊ आवास उपलब्ध हो सके।
बैठक में होमबायर्स के हितों की सुरक्षा, परियोजनाओं के समय पर क्रियान्वयन तथा शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि गृह क्रेताओं का विश्वास बनाए रखना रियल एस्टेट क्षेत्र के स्वस्थ विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इसके साथ ही श्री मिश्रा ने रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने तथा प्रमोटरों के लिए ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पारदर्शी एवं सरल प्रक्रियाएं राज्य में निवेश आकर्षित करने और नियोजित शहरी विकास को गति देने में सहायक होंगी।
बैठक में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में नियोजन क्षेत्रों (Planning Areas) के विस्तार की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया। मंत्री ने अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई तेज करने का निर्देश देते हुए कहा कि सुव्यवस्थित एवं योजनाबद्ध शहरी विकास बिहार के समग्र विकास की आधारशिला है।
0 Response to "लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं होमबायर्स के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता‘‘सुरक्षित घर, समयबद्ध न्याय’’ नीतीश मिश्रा"
एक टिप्पणी भेजें