राज्य के नगर निकायों में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए “ईज़ ऑफ़ लिविंग” को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता : नीतीश मिश्रा
*पटना, दिनांक - 8 मई 2026*
बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के माननीय मंत्री श्री नीतीश मिश्रा ने आज विकास भवन स्थित नगर विकास एवं आवास विभाग के अपने कार्यालय कक्ष में विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार ने उनका स्वागत करते हुए विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत माननीय मंत्री ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि राज्य के नगर निकायों में लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में बिहार के शहरी क्षेत्रों में तेजी से विस्तार हुआ है और आज राज्य का शहरीकरण लगभग 17 प्रतिशत तक पहुंच चुका है।इन परिस्थितियों में शहरी विकास को सुव्यवस्थित एवं दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाना आवश्यक है।
श्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि कोई भी शहर उस राज्य के सुशासन एवं विकास का प्रतिबिंब होता है। बिहार आने वाला कोई भी व्यक्ति सबसे पहले पटना और अन्य शहरों को देखकर राज्य के विकास की छवि अपने मन में बनाता है। हमारी कोशिश होगी कि राज्य के सभी 264 नगर निकायों को आवश्यक सहयोग एवं हैंड-होल्डिंग उपलब्ध कराया जाए जिससे वे स्थानीय स्तर पर बेहतर कार्य कर सकें। विभाग की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी द्वारा प्रस्तावित 11 सैटेलाइट टाउनशिप के लिए स्थल चिह्नित किए गए हैं और यह राज्य के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वाकांक्षी एवं दूरगामी पहल है। इन टाउनशिप के विकास के साथ-साथ रोहतास में भी एक प्रस्ताव विचाराधीन है। 11 टाउनशिप को विकसित करना हमारी प्राथमिकता होगी। इसके अतिरिक्त अन्य शहरी क्षेत्रों के मास्टर प्लान भी तैयार कराए जाएंगे ताकि आने वाले 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा सके।
माननीय मंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में वेस्ट मैनेजमेंट, बिजली व्यवस्था, सिटी सर्विलांस, स्वच्छता एवं आधुनिक नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में विभाग निरंतर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है और वे पूर्ण समर्पण के साथ इस दायित्व का निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा, “ईश्वर मुझे इतनी शक्ति दे कि मैं बिहार के लोगों की अपेक्षाओं पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतर सकूं।”
इस अवसर पर विभाग के सचिव श्री संदीप आर. पुडकलकट्टी, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री अनिमेष कुमार पराशर, विशेष सचिव श्री राजीव कुमार श्रीवास्तव, अपर सचिव श्री विजय प्रकाश मीणा सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने माननीय मंत्री का स्वागत करते हुए विभागीय कार्यों के प्रभावी संचालन हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
0 Response to "राज्य के नगर निकायों में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए “ईज़ ऑफ़ लिविंग” को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता : नीतीश मिश्रा"
एक टिप्पणी भेजें