बिहार के श्रमिकों की वैश्विक पहचान, उनके उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध: सचिव
*श्रमिकों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम, कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प : सचिव*
पटना, 1 मई 2026 :
अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस 2026 के अवसर पर दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान, पटना में कार्यक्रम का उद्घाटन विभाग के सचिव श्री दीपक आनन्द के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर सचिव, *श्री दीपक आनन्द* ने कहा कि सबसे पहले मैं इस धरती के शिल्पकार श्रमिक बंधुओ को इस दिवस पर हार्दिक शुभकानाएं देता हूँ।
आज पूरे विश्व में बिहार के श्रमिकों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। विश्व के ऐसे कई देश हैं जहां वे अपने आप को इस तरह स्थापित कर लिए हैं कि सत्ता में भी उनकी विशेष और अहम भागीदारी है। आज वो अपने हित में नियम बनाते हैं।
मुझे विश्वास है कि राज्य के श्रमिक भाई कही भी जायेंगे तो अपनी बुद्धि, विवेक और कार्यक्षमता से अपना लोहा मनवायेंगे। विभाग हमेशा से आपके लिए लाभकारी योजनाओं पर कार्य कर रहा है। आपके हितार्थ चलायी जा रही योजनाओं को धरातल पर लाकर सही रूप से अंतिम व्यक्ति तक उसका लाभ दिलाना हमारा ध्येय है जिसमें आपकी सहभागिता आवश्यक होगी।
विभाग सदैव से श्रमिकों के उत्थान के लिए तत्पर है। आज बहुत ही खुशी की बात है कि विभाग श्रम विभाग श्रमिकों के द्वार कार्यक्रम के तहत उनसे रूबरू हो रहा है। हमारा सदैव यही ध्येय रहा है कि मजदूरों के चेहरे पर सदा मुस्कान बनी रहे।
श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग ही एक ऐसा विभाग है जिसके जरिये श्रमिकों को जन्म से लेकर मृत्यु तक का लाभ दिया जाता है। जहाँ एक तरफ बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा श्रमिकों के हितार्थ कुल 16 प्रकार जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित कर रहा है वहीं दूसरी तरफ प्रवासी मजदूरों के हितार्थ भी योजना चलाई जा रही है जिसके तहत प्रवासी मजदूर जो राज्य से बाहर अन्य प्रांतो या विदेशों में जीविकोपार्जन के उद्देश्य से प्रवास कर रहे हैं। उन्हें दुर्घटना के फलस्वरुप स्थायी एवं अस्थायी अपंगता की स्थिति में अनुदान दिये जाने का प्रावधान है। साथ ही, मृत प्रवासी श्रमिकों के पार्थिव शरीर को परिवहन के किसी भी साधन से उनके पैतृक आवास तक पहुँचाने पर व्यय का वहां राज्य सरकार करेगी।
कामगार एवं शिल्पकार मजदूरों के लिए भी बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा (संशोधन) योजना, 2024 का संचालन किया जा रहा है जिसके तहत दुर्घटना मृत्यु, निःशक्तता की स्थिति, असाध्य रोगों के लिए चिकित्सा सहायता के साथ उनके बच्चों के लिए छात्रवृति की राशि भी प्रदान कराई जाती है। योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए समय समय पर कैंप लगाकर आवेदन लिए जा रहे हैं और उनका निष्पादन भी किया जा रहा है।
सचिव ने कहा कि अभी हाल ही में जिस तरह से खाड़ी देशों की सबने देखी होगी, इस समय विभाग भी वहां कार्यरत/फंसे मजदूरों पर नज़र बनाए हुए था। विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी कर उनको सहायता प्रदान कराई गई। विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि लौट रहे श्रमिकों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही नई श्रम संहिताओं पर भी विभाग कार्य कर रहा है जल्द ही मंत्रिमंडल से अनुमोदित करवाया जाएगा।
विभाग के *विशेष सचिव श्री सुनील कुमार यादव* ने अपने संबोधन में कहा कि आज हमारा और विभाग का मूल दायित्व है कि श्रम के हो रहे शोषण को मुक्त कराए। निर्माण श्रमिक अधिक से अधिक संख्या में अपना निबंधन बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्माकर कल्याण बोर्ड में कराए ताकि इसके द्वारा संचालित 16 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनको मिल सके।
हमलोग इस योजना के विस्तार पर काम कर रहे हैं ताकि श्रमिकों के हितार्थ कार्य पूर्ण किया जा सके। आज
विभिन्न माध्यमों से योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जा रहा ताकि एक भी श्रमिक विभाग द्वारा संचालित योजना से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्रमायुक्त, बिहार *श्री राजेश भारती* ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का प्रयास है कि श्रमिकों और प्रवासी श्रमिकों के कल्याण के लिए अधिक से अधिक योजनाएँ बनाई जाएँ और उन्हें सफलतापूर्वक लागू किया जाए। 1 अप्रैल 2026 से निर्धारित नई दर के अनुसार अकुशल को 436 रुपये प्रतिदिन
अर्द्धकुशल को 452 रुपये प्रतिदिन, कुशल को 551 रुपये प्रतिदिन तथा अतिकुशलको 672 रुप ये प्रतिदिन के हिसाब से वेतन संहिता, 2019 के अनुसार, सभी नियोजनों के लिए न्यूनतम मजदूरी देना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न श्रेणी के श्रमिकों के लिए बनाए गए श्रम संहिता कानूनों का भी विभाग द्वारा प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में राज्य के विभिन्न 6 कारखाना प्रबंधकों द्वारा कुल 63 श्रमिकों को कुशल कार्य करने में उपहार देकर सम्मानित भी किया गया। इस कार्यक्रम में अपर श्रमायुक्त श्री विजय कुमार, संयुक्त श्रमायुक्त श्री राजेश कुमार, मुख्य कारखाना निरीक्षक, बिहार श्री संजय कुमार पाल, संयुक्त श्रमायुक्त सह उप श्रमायुक्त श्री अकबर जावेद, के साथ विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं श्रमिक बंधु उपस्थित रहे।
0 Response to "बिहार के श्रमिकों की वैश्विक पहचान, उनके उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध: सचिव"
एक टिप्पणी भेजें