बेल्ट्रॉन कर्मियों को जल्द मिलेगा वेतन, एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री और मंत्री का जताया आभार
पटना। बिहार स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बेल्ट्रॉन) के हजारों कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। अब जल्द ही बेल्ट्रॉन कर्मियों को वेतन जारी किया जाएगा । इसकी जानकारी बेल्ट्रॉन कर्मी एसोसिएशन की और से दी गयी है। विदित हो कि मुख्य सचिव स्तर पर वेतन भुगतान पर लगी रोक के बाद उत्पन्न अनिश्चितता अब समाप्त होने की उम्मीद है। एसोसिएशन ने बताया कि आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद बेल्ट्रॉन कर्मियों का लंबित वेतन जल्द जारी किया जाएगा। इससे राज्य के विभिन्न विभागों, कार्यालयों और परियोजनाओं में कार्यरत बेल्ट्रॉन कर्मियों के बीच खुशी का माहौल है।
बेल्ट्रॉन कर्मी एसोसिएशन ने इस मुद्दे के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं संबंधित विभाग के मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि वेतन भुगतान में देरी के कारण बड़ी संख्या में कर्मियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में सरकार द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में कदम बढ़ाना कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय है। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में सभी लंबित भुगतान जारी कर दिए जाएंगे, जिससे कर्मियों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि बेल्ट्रॉन के माध्यम से राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी कर्मी कार्यरत हैं। ये कर्मचारी प्रशासनिक कार्यों, डिजिटल सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वेतन भुगतान को लेकर लंबे समय से चल रही चिंता के बीच अब स्थिति सामान्य होने की संभावना ने कर्मियों का मनोबल बढ़ाया है।
एसोसिएशन ने कहा कि सरकार और विभागीय नेतृत्व के सहयोग से समाधान का रास्ता निकला है, जिससे कर्मचारियों का विश्वास और मजबूत हुआ है। साथ ही उन्होंने भविष्य में ऐसी समस्याओं के स्थायी समाधान की भी मांग की, ताकि कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलता रहे और वे पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
0 Response to "बेल्ट्रॉन कर्मियों को जल्द मिलेगा वेतन, एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री और मंत्री का जताया आभार"
एक टिप्पणी भेजें