खाड़ी देशों में बढ़ते युद्ध संकट के बीच प्रवासी बिहारियों के लिए बिहार सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

खाड़ी देशों में बढ़ते युद्ध संकट के बीच प्रवासी बिहारियों के लिए बिहार सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

पटना, 02 मार्च 2026 : खाड़ी देशों में बढ़ते युद्ध संकट के बीच बिहार सरकार ने वहां काम कर रहे प्रवासी कामगारों की सुरक्षा को लेकर अहम कदम उठाया है। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के सचिव श्री दीपक आनन्द के द्वारा दिल्ली स्थित बिहार भवन से विशेष हेल्पलाइन नंबर 721 778 8114 जारी किया है, ताकि विदेशों में रह रहे प्रवासी बिहारियों और उनके परिवारों को समय पर सहायता मिल सके।

हेल्पलाइन जारी करते हुए दीपक आनन्द ने कहा कि बिहार सरकार अपने नागरिकों और कामगारों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मिडिल ईस्ट में मौजूदा तनावपूर्ण हालात को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि संकट की स्थिति में कोई भी प्रवासी बिहारी खुद को अकेला महसूस न करे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हेल्पलाइन के जरिए प्रवासी कामगार किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता या समस्या के समाधान के लिए संपर्क कर सकते हैं। विभाग की टीम 24×7 निगरानी रखेगी और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई कर संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

दीपक आनंद ने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विदेशों में काम कर रहे बिहार के श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने परिजनों से भी अपील की कि यदि उनके परिवार का कोई सदस्य खाड़ी देशों में कार्यरत है और किसी प्रकार की परेशानी में है, तो वे इस हेल्पलाइन का उपयोग करें।
सरकार का मानना है कि संकट की घड़ी में ऐसी पहल न केवल सुरक्षा का भरोसा देती है, बल्कि प्रवासी कामगारों और उनके परिवारों में विश्वास भी मजबूत करती है। बिहार सरकार ने भरोसा दिलाया है कि हर जरूरतमंद प्रवासी तक सहायता पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

0 Response to "खाड़ी देशों में बढ़ते युद्ध संकट के बीच प्रवासी बिहारियों के लिए बिहार सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article