प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त से बिहार के 73 लाख से अधिक किसानों को मिलेगी बड़ी राहत
*माननीय प्रधानमंत्री द्वारा 13 मार्च को किसानों के खातों में सीधे अंतरित होगी 1467 करोड़ रुपये से अधिक की राशि*
- राम कृपाल यादव
पटना | दिनांक : 11 मार्च 2026
माननीय कृषि मंत्री, बिहार सरकार श्री राम कृपाल यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 22वीं किस्त का वितरण 13 मार्च 2026 को माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा असम के गुवाहाटी से किया जाएगा, जिसके माध्यम से देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए सहायता राशि भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर बिहार के 73.34 लाख से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में लगभग 1467 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी, जिससे राज्य के किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की एक ऐतिहासिक पहल है। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार भी किसानों को इस योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। बिहार सरकार राज्य के किसानों का व्यापक स्तर पर पंजीकरण, आधार सत्यापन तथा बैंक खातों की NPCI से लिंकिंग सुनिश्चित कराई जा रही है ताकि किसानों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
कृषि मंत्री ने राज्य के सभी किसानों से अपील की कि जो किसान अभी तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से नहीं जुड़े हैं, वे शीघ्र अपना पंजीकरण कराएं और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि उन्हें भी इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर निरंतर कार्य कर रही हैं।
0 Response to "प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त से बिहार के 73 लाख से अधिक किसानों को मिलेगी बड़ी राहत"
एक टिप्पणी भेजें