अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 पर 18 पिंक बसों को हरी झंडी, 11 अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर का वर्चुअल उद्घाटन, बिहार शक्ति पोर्टल का शुभारंभ एवं प्रेरणादायी महिलाओं को बिहार अपराजिता सम्मान
पटना, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा ज्ञान भवन, पटना में “सशक्त महिला, समृद्ध बिहार” विषयक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण से संबंधित पहलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत पिंक बस सेवा के फ्लैग ऑफ के साथ हुई। इस अवसर पर माननीय मंत्री, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार श्री मदन सहनी द्वारा पटना, पूर्णिया, भागलपुर, गया एवं मुजफ्फरपुर में संचालित 18 पिंक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन बसों पर महिलाओं की सुरक्षा हेतु संचालित 181 महिला हेल्पलाइन से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई है, जिससे महिलाओं के बीच हेल्पलाइन के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
कार्यक्रम में माननीय मंत्री, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग श्रीमती रमा निषाद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव, समाज कल्याण विभाग श्रीमती बंदना प्रेयषी ने की।
इस अवसर पर महिलाओं की प्रेरणादायक कहानियों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से “बिहार शक्ति पोर्टल” का शुभारंभ किया गया। यह पोर्टल महिलाओं के लिए एक डिजिटल मंच है, जहाँ वे अपने जीवन की प्रेरणादायक कहानियाँ साझा कर सकती हैं, सामाजिक एवं पेशेवर उपलब्धियाँ दर्ज कर सकती हैं और अन्य महिलाओं को प्रेरित कर सकती हैं। पोर्टल में स्टोरी सबमिशन की सरल प्रक्रिया, महिलाओं के अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सहायता सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से राज्य की महिलाएँ अपने अनुभव और सफलताओं को व्यापक स्तर पर साझा कर सकती हैं और सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अन्य महिलाओं को प्रेरित कर सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान 11 अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर (OSC) का वर्चुअल उद्घाटन भी किया गया। ये केंद्र मुजफ्फरपुर, गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, पूर्णिया, कटिहार, रोहतास, मधुबनी, कैमूर, औरंगाबाद तथा जमुई जिलों में स्थापित किए गए हैं। वर्तमान में राज्य में 39 OSC संचालित हैं, जहाँ हिंसा से प्रभावित महिलाओं को समेकित सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं एवं किशोरियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर बाल विवाह उन्मूलन के लिए तैयार प्रारूप दिशा-निर्देश (ड्राफ्ट गाइडलाइन) का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में “बिहार अपराजिता सम्मान” के अंतर्गत पूजा, रितिका, कोमल, रोशनी प्रवीण, कंचन कुमारी, अमृता कुमारी, ब्यूटी कुमारी, काजल, अलीशा एवं गरिमा लोहिया सहित कई प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित किया गया। गरिमा लोहिया, जिन्होंने वर्ष 2022 की सिविल सेवा परीक्षा में द्वितीय स्थान प्राप्त किया और वर्तमान में एसडीओ, बाढ़ के पद पर कार्यरत हैं, ने युवतियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस अवसर पर संयुक्त सचिव, समाज कल्याण विभाग श्री योगेश सागर, प्रशासनिक पदाधिकारी मंजूषा चंद्रा, उप सचिव सह नोडल पदाधिकारी श्रीमती मार्गण सिंहा, यूनिसेफ से बंकु बिहारी तथा महिला एवं बाल विकास निगम के रुबीना परवीन, राशि, अंकिता कश्यप, पुरुषोत्तम, विनय कुमार, संतोष कुमार, शैलेश, कुंदन, किशोर कुमार, प्रभात, अनुपमा ओझा, रश्मि, राजश्री, मेहरूस, ममता, जयंत, तन्नु सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उप सचिव सह नोडल पदाधिकारी श्रीमती मार्गण सिंहा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
0 Response to "अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 पर 18 पिंक बसों को हरी झंडी, 11 अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर का वर्चुअल उद्घाटन, बिहार शक्ति पोर्टल का शुभारंभ एवं प्रेरणादायी महिलाओं को बिहार अपराजिता सम्मान"
एक टिप्पणी भेजें