महिला किसान बन रही हैं बिहार की कृषि शक्ति, उनके हाथों से मजबूत हो रही आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था” –* राम कृपाल यादव
*अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बेगूसराय में महिला किसानों को किया गया सम्मानित*
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज बेगूसराय में आयोजित कार्यक्रम में बिहार सरकार के माननीय कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने महिला किसानों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। कृषि विभाग (आत्मा) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिले की विभिन्न प्रगतिशील महिला कृषकों को कृषि क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर माननीय कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने कहा कि बिहार की महिला किसान आज कृषि विकास की नई धुरी बनकर उभर रही हैं। वे खेती के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों, जैविक खेती, सब्जी उत्पादन, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन एवं अन्य कृषि आधारित गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है, वहीं मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के मार्गदर्शन में बिहार में महिलाओं को कृषि, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। राज्य सरकार कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
माननीय मंत्री ने कहा कि माताओं और बहनों का परिश्रम, धैर्य और समर्पण ही बिहार की कृषि को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आज बिहार की महिला किसान नवाचार और परिश्रम के बल पर पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
उन्होंने सम्मानित महिला किसानों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि महिला किसान जितनी मजबूत होंगी, उतनी ही मजबूत हमारी कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था होगी।
0 Response to "महिला किसान बन रही हैं बिहार की कृषि शक्ति, उनके हाथों से मजबूत हो रही आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था” –* राम कृपाल यादव"
एक टिप्पणी भेजें