बिहार की महिलाओं के लिए “महिला मेगा जॉब फेयर 2026” का आयोजन 16–17 मार्च को ज्ञान भवन, पटना
**पटना। दिनांक- 15 मार्च 2026**
महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में बिहार सरकार निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा, सहायता, परामर्श, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस योजना के अंतर्गत महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को और गति प्रदान करने तथा कौशल प्रशिक्षित महिलाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा “महिला मेगा जॉब फेयर 2026” का आयोजन 16–17 मार्च 2026 को ज्ञान भवन, पटना में किया जा रहा है।
यह आयोजन महिला एवं बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा बिहार कौशल विकास मिशन के तकनीकी सहयोग से किया जा रहा है।
इस जॉब फेयर में रिटेल, हॉस्पिटैलिटी, हेल्थकेयर, आईटी/बीपीओ, टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग, सिक्योरिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम में 50 से अधिक राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियाँ भाग लेंगी, जहाँ 2000 से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा प्रतिभागियों के ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू लेकर चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
इस जॉब फेयर में कई प्रतिष्ठित कंपनियाँ भाग लेकर महिलाओं की नियुक्ति करेंगी। इनमें प्रमुख रूप से ब्लिंकिट (Blinkit), फ्लिपकार्ट (Flipkart), बजाज ऑटो लिमिटेड (Bajaj Auto Ltd.), मुथूट फाइनेंस (Muthoot Finance), एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस (SBI Life), क्रोमा – टाटा एंटरप्राइज (Croma – Tata Enterprise), एथर एनर्जी (Ather Energy), जूडियो (Zudio), मेडमिक्स (Medmix), जेएसडब्ल्यू स्टील (JSW Steel), टीवीएस मोटर कंपनी (TVS Motor Company), आईटीसी लिमिटेड (ITC Limited), वेस्टसाइड (Westside), एयरटेल (Airtel), अपोलो हॉस्पिटल्स (Apollo Hospitals) तथा योकोहामा (Yokohama) सहित अन्य कंपनियाँ शामिल हैं।
पात्रता:
इस जॉब फेयर में 10वीं, 12वीं, स्नातक, तकनीकी डिग्री एवं आईटीआई योग्यता प्राप्त महिलाएँ भाग ले सकती हैं। प्रतिभागियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
साक्षात्कार हेतु आवश्यक दस्तावेज:
प्रतिभागियों को अपने साथ आधार कार्ड, बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा।
कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 09 बजे से संध्या 06 बजे तक किया जाएगा। इच्छुक महिलाएँ wcdc.bihar.gov.in पर आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठा सकती हैं।
यह आयोजन राज्य की कौशल प्रशिक्षित महिलाओं को रोजगार से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
0 Response to "बिहार की महिलाओं के लिए “महिला मेगा जॉब फेयर 2026” का आयोजन 16–17 मार्च को ज्ञान भवन, पटना "
एक टिप्पणी भेजें