बीसीए मेंस सीनियर वनडे ट्रॉफी 2025-26 (क्वार्टर फाइनल) : पूर्वी चंपारण ने जहानाबाद को 5 विकेट से हराया
पटना, 7 मार्च 2026। मोइन-उल-हक स्टेडियम, पटना में खेले गए बीसीए मेंस सीनियर वनडे ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पूर्वी चंपारण ने जहानाबाद को 5 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जहानाबाद की टीम 50 ओवर में 10 विकेट पर 165 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सुरज सतपाल राठौर ने 36 गेंदों पर 24 रन (2 चौके) तथा सौरव दिनेश कुमार ने 49 गेंदों पर 17 रन (1 चौका) बनाए। कप्तान विश्वास मिथिलेश सिंह ने 17 गेंदों पर 18 रन (1 चौका, 1 छक्का) की पारी खेली, जबकि गौतम मनोज भगवत 47 गेंदों पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
पूर्वी चंपारण की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए मणि कौशल कांत ने 10 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। मोहम्मद फैसल गनी ने 10 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट और तुन्ना पन्नालाल कुमार ने 10 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट लिए। इसके अलावा आशुतोष कुमार ने 10 ओवर में 39 रन देकर 1 विकेट तथा कप्तान सकीबुल मनन गनी ने 9 ओवर में 32 रन देकर 1 विकेट चटकाया। राजेश राम सहानी ने 1 ओवर में 2 रन दिए।
166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूर्वी चंपारण की टीम ने 33.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 166 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से यूसुफ जहांगीर नदीम ने 80 गेंदों पर 49 रन (7 चौके) की महत्वपूर्ण पारी खेली। रितिक अशोक रंजन ने 29 गेंदों पर 24 रन (4 चौके), कप्तान सकीबुल मनन गनी ने 30 गेंदों पर 23 रन (3 चौके, 1 छक्का) और समीर अख्तर ने 15 गेंदों पर 12 रन (2 चौके) बनाए। गोपी कृष्णा ने 15 गेंदों पर 11 रन (2 चौके) का योगदान दिया। अंत में आशुतोष कुमार 18 गेंदों पर 26 रन (3 चौके) और अनुपम सुबोध कुमार 14 गेंदों पर 4 रन बनाकर नाबाद रहे।
जहानाबाद की ओर से गेंदबाजी में गौतम मनोज भगवत ने 6 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। जितिन कुमार यादव ने 9.2 ओवर में 48 रन देकर 1 विकेट और राजू महेंद्र यादव ने 6 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट लिया। इसके अलावा विश्वास मिथिलेश सिंह ने 2 ओवर में 14 रन, शशि राजू शेखर ने 2 ओवर में 12 रन और सुरज सतपाल राठौर ने 8 ओवर में 30 रन दिए।
इस जीत के साथ पूर्वी चंपारण मेंस सीनियर की टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
0 Response to "बीसीए मेंस सीनियर वनडे ट्रॉफी 2025-26 (क्वार्टर फाइनल) : पूर्वी चंपारण ने जहानाबाद को 5 विकेट से हराया"
एक टिप्पणी भेजें