डिजिटल क्रॉप सर्वे से रियल टाइम फसल आकलन, नीति निर्माण और बाजार प्रबंधन होगा और सशक्त :           राम कृपाल यादव

डिजिटल क्रॉप सर्वे से रियल टाइम फसल आकलन, नीति निर्माण और बाजार प्रबंधन होगा और सशक्त : राम कृपाल यादव

*डिजिटल क्रांति की ओर बढ़ता बिहार का कृषि क्षेत्र*
*“हर खेत और हर फसल का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड, बिहार में डिजिटल क्रॉप सर्वे का बड़ा विस्तार”*

दिनांक: 7 मार्च 2026
पटना
बिहार के माननीय कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने कहा कि राज्य में डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के अंतर्गत डिजिटल क्रॉप सर्वे को व्यापक स्तर पर लागू किया जा रहा है। यह एग्री-स्टैक परियोजना का एक महत्वपूर्ण घटक है, जिसका उद्देश्य कृषि फसल सर्वेक्षण की पारंपरिक प्रक्रिया को डिजिटल बनाकर उसे अधिक पारदर्शी, त्वरित और सुव्यवस्थित बनाना है।
उन्होंने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से किसानों द्वारा अपने खेतों में बोयी गई प्रत्येक फसल से संबंधित भू-खण्ड आधारित जानकारी मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से एकत्र की जाती है। इससे प्रत्येक कृषि भू-खण्ड के लिए रियल टाइम में फसल क्षेत्र का सटीक आकलन संभव हो पाता है। इस डिजिटल डाटाबेस के माध्यम से फसलों के वास्तविक आच्छादन क्षेत्र की सटीक जानकारी उपलब्ध होती है, जो फसल विपणन, भंडारण प्रबंधन, फसल बीमा योजनाओं और कृषि से जुड़े नीतिगत निर्णयों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है।
माननीय मंत्री ने बताया कि बिहार में पिछले तीन फसली मौसमों से डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
रबी 2023-24 में 5 पायलट जिलों से 10 जनवरी 2024 को इस पहल की शुरुआत की गई। उसी मौसम के अंत तक 15 अन्य जिलों को भी इसमें शामिल किया गया। इस प्रकार कुल 20 जिलों के 1,700 ग्रामों के 11.56 लाख प्रस्तावित प्लॉट्स में से 9.87 लाख प्लॉट्स पर डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य किया गया।
खरीफ 2024 में यह पहल और विस्तारित हुई, जिसमें 2,200 ग्रामों के 17.35 लाख प्लॉट्स में से 16.59 लाख प्लॉट्स का सर्वे सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
रबी 2024-25 में 28 जिलों के 7,187 राजस्व ग्रामों के 49.37 लाख प्लॉट्स में से 48.54 लाख प्लॉट्स पर डिजिटल सर्वे कार्य संपन्न हुआ।
उन्होंने आगे बताया कि खरीफ 2025 में इस पहल का और व्यापक विस्तार करते हुए राज्य के सभी 38 जिलों के 32,707 राजस्व ग्रामों के कुल 1,54,02,156 प्लॉट्स में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य किया गया।
इसी क्रम में रबी 2025-26 के लिए 30,416 राजस्व ग्रामों के 1,97,74,227 प्लॉट्स में डिजिटल क्रॉप सर्वे का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें अब तक 1 करोड़ 5 लाख से अधिक कृषि प्लॉट्स का डिजिटल सर्वे सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
माननीय मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे से प्राप्त सटीक और रियल टाइम आंकड़ों के आधार पर सरकार फसल बीमा, प्राकृतिक आपदा राहत, बाजार प्रबंधन और कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में और अधिक सक्षम हो रही है।
उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार में डिजिटल कृषि व्यवस्था को मजबूत करने, किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने तथा कृषि क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

0 Response to "डिजिटल क्रॉप सर्वे से रियल टाइम फसल आकलन, नीति निर्माण और बाजार प्रबंधन होगा और सशक्त : राम कृपाल यादव"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article