महिला हिंसा के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ का संदेश लेकर महिला एवं बाल विकास निगम बिहार द्वारा फिल्म “अस्सी” का विशेष प्रदर्शन आयोजित
पटना, 21 फरवरी 2026:
महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार द्वारा आज आईनॉक्स सिटी सेंटर, पटना में फिल्म “अस्सी” का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह आयोजन महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की हिंसा के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ (शून्य सहिष्णुता) के सशक्त संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम में एल.एन. मिश्रा संस्थान, बीआईटी मेसरा (पटना विस्तार केंद्र), समाज कल्याण विभाग, सामाजिक सुरक्षा विभाग, आईसीडीएस निदेशालय, विशेष कार्य निदेशालय, ईआरएसएस, डीएसडब्ल्यू सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएँ ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
इस मौके पर सचिव, समाज कल्याण सह प्रबंध निदेशक, महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार श्रीमती बंदना प्रेयषी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा, “महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की हिंसा के प्रति हमारी नीति स्पष्ट है—शून्य सहिष्णुता। चुप्पी तोड़ना और आवाज उठाना ही बदलाव की पहली सीढ़ी है।”
फिल्म “अस्सी” की कथा समाज में घटित होने वाली लैंगिक हिंसा, दुष्कर्म, पीड़िता की मानसिक पीड़ा, परिवार और समाज की प्रतिक्रिया तथा न्याय व्यवस्था की चुनौतियों को संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत करती है। यह फिल्म दर्शकों को यह सोचने के लिए प्रेरित करती है कि कानून-व्यवस्था, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना किस प्रकार मिलकर न्याय सुनिश्चित कर सकते हैं।
फिल्म के माध्यम से पुरुषों और महिलाओं दोनों को ऐसे संवेदनशील मुद्दों—जैसे दुष्कर्म, घरेलू हिंसा, सामाजिक कलंक और न्याय की प्रक्रिया—के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाने का प्रयास किया गया। यह संदेश दिया गया कि हिंसा केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक समस्या है, और इसके समाधान में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित दर्शकों ने हिंसा के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और पीड़ितों के समर्थन में खड़े होने का संकल्प लिया।
महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।
सुरक्षित महिलाएँ, प्रगतिशील बिहार।
0 Response to "महिला हिंसा के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ का संदेश लेकर महिला एवं बाल विकास निगम बिहार द्वारा फिल्म “अस्सी” का विशेष प्रदर्शन आयोजित"
एक टिप्पणी भेजें