जाबिर अंसारी को पटना यूनिवर्सिटी ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
झाझा (जमुई)
जमुई जिले के झाझा प्रखंड अंतर्गत तुंबा पहाड़ निवासी और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियन मोहम्मद जाबिर अंसारी को पटना विश्वविद्यालय खेल बोर्ड द्वारा एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पटना यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित अंतर–महाविद्यालय कराटे चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) में उन्हें कोच के रूप में मार्गदर्शन देने, खिलाड़ियों एवं टीम का चयन करने तथा चयनित खिलाड़ियों की सूची जमा करने का दायित्व दिया गया है।
पटना यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड के सचिव डॉ. दीप नारायण कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह कराटे चैंपियनशिप 27 जनवरी 2026 से पटना साइंस कॉलेज, पटना में आयोजित की गई है। प्रतियोगिता में पटना विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी कॉलेजों के छात्र एवं छात्राएं शामिल होंगे।
खेल बोर्ड ने अपने पत्र में मोहम्मद जाबिर अंसारी से उनके अनुभव और तकनीकी दक्षता के आधार पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देने, निष्पक्ष चयन प्रक्रिया संपन्न कराने तथा चयन के उपरांत खिलाड़ियों की सूची विश्वविद्यालय को सौंपने का अनुरोध किया है, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उल्लेखनीय है कि मोहम्मद जाबिर अंसारी कराटे के क्षेत्र में एक अनुभवी खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक रहे हैं और पूर्व में ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियन का खिताब हासिल कर चुके हैं। पटना विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपे जाने से झाझा प्रखंड सहित पूरे जमुई जिले में हर्ष का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि इससे युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
0 Response to "जाबिर अंसारी को पटना यूनिवर्सिटी ने सौंपी अहम जिम्मेदारी"
एक टिप्पणी भेजें