नीतीश कुमार के नेतृत्व में - “सुशासन की नई उड़ान”
जितेन्द्र कुमार सिन्हा, पटना, 21 नवम्बर ::
बिहार की राजनीति में 20 नवंबर का दिन एक बार फिर इतिहास बन गया, जब जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने पुनः मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह शपथ केवल एक पदभार ग्रहण का औपचारिक समारोह नहीं था, बल्कि बिहार के विकास, सुशासन और स्थिरता की नई कहानी का आरंभ भी था। जदयू विधि प्रकोष्ठ ने इस अवसर पर नीतीश कुमार के नेतृत्व पर पूरा विश्वास जताते हुए आशा व्यक्त की है कि आने वाला समय बिहार को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा।
जदयू विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ आनंद कुमार ने मुख्यमंत्री को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि नीतीश कुमार एक बार फिर विकसित बिहार के कर्णधार बनकर उभर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री का अनुभव, नीतियाँ और प्रशासनिक दक्षता राज्य की प्रगति को नई दिशा देगी।
डॉ आनंद कुमार के अनुसार, “नीतीश कुमार ने हमेशा सेवा, सुशासन और जनहित को प्राथमिकता दी है। आज एक बार फिर उनसे बिहार की उम्मीदें जुड़ गई हैं। भरोसा है कि उनकी राहनुमाई में विकसित बिहार का सपना साकार होगा।”
इसी क्रम में जदयू विधि प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता दीपक कुमार अभिषेक ने भी नीतीश सरकार के प्रति अपना उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बिहारवासियों के लिए गर्व का क्षण है। नई सरकार राज्य में विकास, समृद्धि और सुशासन के संकल्प को नई ऊर्जा देगी।
दीपक कुमार अभिषेक ने यह भी कहा कि राज्य के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और युवाओं को अवसर प्रदान करने के लिए आगामी वर्षों में व्यापक सुधार होंगे। उन्होंने आशा जताई कि इस सरकार का प्रत्येक कदम जनता के कल्याण और प्रदेश की दीर्घकालिक प्रगति की दिशा में अग्रसर होगा।
उन्होंने कहा कि बिहार ने पिछले वर्षों में सुशासन, बेहतर सड़कें, महिलाओं की सुरक्षा, विद्यालयी सुधार, बिजली सुविधा और कानून-व्यवस्था जैसे कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। इन उपलब्धियों ने राज्य की नई पहचान गढ़ी है। अब पुनः शपथ लेने के बाद यह उम्मीद की जा रही है कि नीतीश कुमार इस विकास यात्रा को और तेज गति देंगे। विशेषकर रोजगार सृजन, कृषि सुधार, आर्थिक वृद्धि और औद्योगिक निवेश को नई प्राथमिकताएँ मिलेगी।
दीपक कुमार अभिषेक ने कहा कि बिहार की जनता ने हमेशा विकास और स्थिरता को महत्व दिया है। नीतीश कुमार का अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण उन्हें एक बार फिर प्रदेश की कमान सौंपने योग्य बनाता है। जदयू विधि प्रकोष्ठ द्वारा व्यक्त यह विश्वास साफ दर्शाता है कि पार्टी और जनता दोनों ही मुख्यमंत्री से बेहतर, सुरक्षित और विकसित बिहार का सपना देख रहे हैं।
———————
0 Response to "नीतीश कुमार के नेतृत्व में - “सुशासन की नई उड़ान”"
एक टिप्पणी भेजें