मोहनिया के निर्दलीय प्रत्याशी कन्हैया राम अपने समर्थकों के साथ भाजपा में हुए शामिल
*भाजपा राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख ने कन्हैया राम को भाजपा की दिलाई सदस्यता, पार्टी में किया स्वागत*
*विपक्षी दल हताश और बदहवास, छठी मईया को भी दे रहे हैं गाली: संजय मयूख*
पटना, 2 नवंबर। मोहनिया के निर्दलीय प्रत्याशी कन्हैया राम आज अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी और एमएलसी संजय मयूख ने आज मीडिया सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में कन्हैया राम को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई और पार्टी में स्वागत किया।
एमएलसी संजय मयूख ने इस मौके पर कहा कि भाजपा में विभिन्न दलों के लोग शामिल हो रहे हैं। उन्होंने भाजपा परिवार में आए कन्हैया राम का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि बिहार अब रफ्तार पकड़ चुका है और फिर से एनडीए सरकार बनने जा रही है।
भाजपा नेता संजय मयूख ने कहा कि बिहार चुनाव के परिणाम के संकेत से विपक्षी दल बदहवास, हताश और निराश हो चुके हैं। यही कारण है कि राहुल गांधी हों या तेजस्वी यादव, छठी मईया से लेकर प्रधानमंत्री तक के लिए अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को बिहार की जनता छह और 11 नवंबर को जवाब देगी और एकबार फिर एनडीए की सरकार बनाएगी।
इस मौके पर बिहार प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने कहा कि कन्हैया राम के भाजपा में आने से एनडीए मोहनिया में काफी मजबूत होगी। उन्होंने आगे कहा कि कन्हैया राम पहले कांग्रेस के टिकट पर भी चुनाव लड़ चुके हैं।
इधर, भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले कन्हैया राम ने कहा कि वे भाजपा की नीतियों से आकर्षित होकर और इस चुनाव में राष्ट्र विरोधी पार्टियों को लाभ नहीं पहुंचे, इस कारण भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।
इस कार्यक्रम में कैमूर जिला भाजपा के उपाध्यक्ष दुर्गेश चौबे भी उपस्थित रहे।
0 Response to "मोहनिया के निर्दलीय प्रत्याशी कन्हैया राम अपने समर्थकों के साथ भाजपा में हुए शामिल"
एक टिप्पणी भेजें