राजनीतिक हताशा में अनर्गल बयानबाजी करने के अभ्यस्त हो चुके हैं तेजस्वी - उमेश सिंह कुशवाहा

राजनीतिक हताशा में अनर्गल बयानबाजी करने के अभ्यस्त हो चुके हैं तेजस्वी - उमेश सिंह कुशवाहा

       बिहार जनता दल (यू) के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को बयान जारी करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव इन दिनों गहरी राजनीतिक हताशा और निराशा से गुजर रहे हैं, जिस कारण वे लगातार तथ्यों को दरकिनार कर भ्रामक और अनर्गल बयानबाजी करने के अभ्यस्त हो चुके हैं। मतदाता सूची को लेकर दिया गया उनका गैर-जिम्मेदाराना वक्तव्य न केवल आम जनता को भ्रमित करता है, बल्कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संस्थाओं पर अविश्वास फैलाने का प्रयास भी है।

        प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लालू परिवार की राजनीति का इतिहास सिर्फ झूठ, भ्रम और जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का रहा है। अब तेजस्वी यादव भी सत्ता की लालसा में जनता को गुमराह करने की उसी पुरानी कुटिल परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। लेकिन उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि अब बिहार 1990 वाला नहीं रहा। सूबे की जनता पहले से कहीं अधिक सजग, जागरूक, विवेकशील और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है, जो अवसरवादी राजनीति को न केवल पहचानती है, बल्कि हर चुनाव में उसे करारा जवाब देना भी जानती है।

    श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर भी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित समस्त विपक्षी दलों ने निराधार सवाल खड़े किए और दुर्भावनापूर्ण राजनीति से प्रेरित आरोप लगाए। विपक्ष ने इस अभियान की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगाकर जनता को भ्रमित करने और लोकतंत्र की नींव को कमजोर करने का प्रयास किया।

    लेकिन बिहार की जागरूक जनता ने विपक्ष की इन साजिशों और राजनीतिक हथकंडों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने पूरी सक्रियता और उत्साह के साथ मतदाता पुनरीक्षण अभियान में भाग लेकर यह सिद्ध कर दिया कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति पूरी तरह सजग हैं। श्री कुशवाहा ने दो टूक कहा कि विपक्ष की नकारात्मक राजनीति ने उसकी विश्वसनीयता को समाप्त कर दिया है, और आज उसकी राजनीतिक साख भी जनता के बीच पूरी तरह से खत्म हो चुकी है।


                              

0 Response to "राजनीतिक हताशा में अनर्गल बयानबाजी करने के अभ्यस्त हो चुके हैं तेजस्वी - उमेश सिंह कुशवाहा"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article