लघु एवं सीमांत किसानों को KCC देने में बैंक बरतें संवेदनशीलता, ऋण वितरण में लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय
*लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता दें बैंक, KCC वितरण में उदासीनता बर्दाश्त नहीं*
*किसानों की आर्थिक मजबूती से ही मजबूत होगी बिहार की कृषि व्यवस्था*
*: विजय कुमार सिन्हा*
25.11:2026, पटना।
माननीय कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार के प्रत्येक पात्र किसान को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का लाभ मिलना चाहिए। किसानों की वित्तीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बैंकों को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए ऋण उपलब्ध कराने में सक्रियता और संवेदनशीलता दिखानी होगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को KCC एवं फसल ऋण उपलब्ध कराने में असहयोगात्मक रवैया अपनाने वाले बैंकों एवं उनकी शाखाओं को चिह्नित कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
श्री सिन्हा ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड किसानों को खेती एवं कृषि से जुड़ी आवश्यकताओं के लिए समय पर बैंक ऋण उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसके माध्यम से किसान बीज, उर्वरक, कीटनाशक, मजदूरी, सिंचाई तथा अन्य कृषि कार्यों पर होने वाले खर्च के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकते हैं। विशेष रूप से लघु एवं सीमांत किसानों के लिए KCC खेती की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुसार बैंकों के लिए कुल ऋण का 40 प्रतिशत प्राथमिकता क्षेत्र को उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए 18 प्रतिशत ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके बावजूद कृषि क्षेत्र में अपेक्षित ऋण वितरण नहीं होना चिंताजनक है।
श्री सिन्हा ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का स्पष्ट विजन है कि अन्नदाता किसान आर्थिक रूप से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनें। किसानों को खेती के लिए समय पर सुलभ एवं पर्याप्त वित्तीय सहायता मिले, ताकि वे आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर उत्पादन और आय में वृद्धि कर सकें। इसी संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए बिहार सरकार प्रतिबद्ध है कि राज्य का कोई भी पात्र किसान किसान क्रेडिट कार्ड के लाभ से वंचित न रहे।
कृषि मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों द्वारा किसानों को ऋण उपलब्ध कराने में अपेक्षाकृत उत्साह दिखाया जा रहा है, लेकिन बड़े वाणिज्यिक बैंकों एवं निजी बैंकों को भी किसानों के प्रति अधिक उदार और जिम्मेदार रवैया अपनाना होगा। उन्होंने विशेष रूप से लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता के आधार पर किसान क्रेडिट कार्ड एवं फसल ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
श्री सिन्हा ने कहा कि चालू तिमाही में फसल ऋण वितरण के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 8.8 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज होना गंभीर विषय है। यह स्थिति दर्शाती है कि किसानों, विशेषकर लघु एवं सीमांत किसानों को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने के प्रयासों में अभी काफी सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को उनके अधिकार एवं आवश्यकता के अनुरूप ऋण उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्री सिन्हा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के अंतर्गत कुल 50.25 लाख खातों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध बैंकों द्वारा अब तक कुल 7.38 लाख किसान क्रेडिट कार्ड (नए एवं नवीनीकृत) स्वीकृत एवं वितरित किए गए हैं, जिनके माध्यम से किसानों को 8,344.70 करोड़ रूपये की ऋण राशि उपलब्ध कराई गई है।
KCC के अंतर्गत ऋण वितरण में मुख्य योगदान पूर्व से जारी किसान क्रेडिट कार्डों के नवीनीकरण का रहा है। अब तक 7.12 लाख खातों का नवीनीकरण किया गया है, जिसके माध्यम से किसानों को 8,073 करोड़ रूपये की ऋण राशि उपलब्ध कराई गई है।
कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार की कृषि अर्थव्यवस्था की मजबूती किसानों की आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी है। किसानों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना बैंकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आर्थिक संसाधनों के अभाव में किसी भी पात्र किसान की खेती प्रभावित न हो।
0 Response to "लघु एवं सीमांत किसानों को KCC देने में बैंक बरतें संवेदनशीलता, ऋण वितरण में लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय"
एक टिप्पणी भेजें