विरासत' के लोकगीत विशेषांक का हुआ लोकार्पण - साहित्य सम्मेलन में कविताओं और लोक-संस्कृति की रही गूंज
जितेन्द्र कुमार सिन्हा, पटना, 25 नवम्बर ::
किसी भी भाषा के विकास, संवर्धन और समृद्धि में साहित्यिक पत्रिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। साहित्यिक पत्रिकाएं केवल रचनाओं के प्रकाशन का माध्यम नहीं होती, बल्कि वे नई प्रतिभाओं को पहचान देने, नवलेखकों को प्रोत्साहित करने और उनकी रचनात्मक क्षमता को निखारने का सशक्त मंच भी प्रदान करती है। बदलते समय में जब भाषा और साहित्य के सामने अनेक चुनौतियां है, तब साहित्यिक पत्रिकाओं का महत्व और बढ़ जाता है। ये पत्रिकाएं साहित्यिक परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का काम भी करती है। इसी विचार को प्रमुखता देते हुए बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन में बुधवार को बीरेन्द्र शाह फाउंडेशन, मुंबई के सौजन्य से प्रकाशित साहित्यिक पत्रिका 'विरासत' के लोकगीत विशेषांक का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर साहित्यिक आयोजन के साथ कवि-गोष्ठी भी हुई, जिसमें साहित्यकारों और कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से लोकजीवन, संस्कृति और साहित्य की विविध छवियों को प्रस्तुत किया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ ने कहा कि किसी भी भाषा के विकास में साहित्यिक पत्रिकाओं की सबसे बड़ी भूमिका होती है। ये पत्रिकाएं नए लेखकों को अवसर और प्रोत्साहन देने के साथ उनकी भाषा, अभिव्यक्ति और साहित्यिक प्रतिभा को भी परिष्कृत करती हैं। ऐसी पत्रिकाओं के प्रकाशक और संपादक वास्तव में आदर के पात्र हैं, क्योंकि उनका प्रयास भाषा और साहित्य की बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि साहित्यिक पत्रिकाओं का प्रकाशन आसान काम नहीं है। इसके लिए संपादकों और प्रकाशकों को अपनी जमा-पूंजी तक लगानी पड़ती है। इसके बावजूद साहित्य के प्रति समर्पण और सेवा-भावना उन्हें इस कार्य के लिए प्रेरित करती है।
डॉ. सुलभ ने पत्रिका की संपादक रागिनी बीरेन्द्र शाह की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे स्वयं विदुषी कवयित्री और लेखिका हैं। सेवा की भावना से सृजन और संपादन के कार्य में सक्रिय रहते हुए वे भारतीय संस्कृति और लोकजीवन को साहित्य के माध्यम से प्रकाश में ला रही हैं। यह एक पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि 'विरासत' का नया अंक लोकगीतों को समर्पित है। इसमें प्रकाशित लोकगीतों के माध्यम से भारत की समृद्ध लोकपरंपरा को सामने लाने का प्रयास किया गया है। इससे लोकसाहित्य को भी नई मजबूती मिलेगी। इस विशेषांक की अतिथि संपादक डॉ. पूनम आनंद की साहित्यिक प्रतिभा और संपादकीय दृष्टि से भी पाठकों को परिचित होने का अवसर मिलेगा।
समारोह में अतिथियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उपाध्यक्ष डॉ. उपेन्द्रनाथ पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान समय में लोकजीवन से लोकतत्त्व का तेजी से ह्रास हो रहा है। हमारी परंपराएं, लोकविश्वास, लोकगीत और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां आधुनिकता की दौड़ में पीछे छूटती जा रही हैं। ऐसे समय में 'विरासत' जैसी पत्रिकाओं का प्रकाशन विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि इस पत्रिका में लोकसाहित्य के प्रकाशन के साथ-साथ ऐसे लोक-तत्त्व भी समाहित हैं, जो हमारी लोकपरंपराओं को जीवंत बनाए रखने में सहायक होंगे। लोकगीत किसी समाज की सामूहिक स्मृति होते हैं। इनमें लोगों का सुख-दुख, उत्सव, संस्कार, प्रेम, संघर्ष और जीवन-दर्शन सहज रूप में अभिव्यक्त होता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कवि रमेश कँवल, साहित्यकार डॉ. रत्नेश्वर सिंह, भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी बच्चा ठाकुर, वरिष्ठ अधिवक्ता उपेन्द्र प्रसाद, बरेली से आए गौरव हिन्दुस्तानी, पत्रिका की अतिथि संपादक डॉ. पूनम आनंद तथा फाउंडेशन के कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने लोकसाहित्य के महत्व, साहित्यिक पत्रिकाओं की प्रासंगिकता और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उनका मानना था कि लोकगीतों को केवल मनोरंजन का माध्यम मानना उचित नहीं है। ये हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान के महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। इनके संरक्षण से आने वाली पीढ़ियों को अपनी परंपराओं और पूर्वजों के जीवन-मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।
लोकार्पण समारोह के साथ आयोजित कवि-गोष्ठी ने पूरे आयोजन को साहित्यिक रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ चंदा मिश्र की वाणी-वंदना से हुआ। इसके बाद विभिन्न कवियों और रचनाकारों ने अपनी कविताओं एवं साहित्यिक रचनाओं का मधुर पाठ कर श्रोताओं को भावविभोर किया। पत्रिका की संपादक रागिनी बी. शाह, प्रो. सुनील कुमार उपाध्याय, श्याम बिहारी प्रभाकर, सुनील कुमार मलंग, शुभचंद्र सिन्हा, सुजाता मिश्र, इरफान अहमद बेलहारवी, कुमार अनुपम, इंजीनियर अशोक कुमार, जय प्रकाश पुजारी, सुनीता रंजन, इन्दुभूषण सहाय, विनोद किसलय, रंभा गुप्ता तथा नेहाल कुमार सिंह 'निर्मल' सहित अनेक रचनाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से आयोजन को यादगार बनाया। कार्यक्रम का कुशल संचालन ब्रह्मानन्द पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन फाउंडेशन की सदस्य रुचिका प्रसाद ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर सम्मेलन के पुस्तकालय मंत्री डॉ. नागेश्वर प्रसाद यादव, भवन अभिरक्षक प्रवीर कुमार पंकज, परवेज आलम, इंजीनियर बांके बिहारी साव, समाजसेविका सरोज जायसवाल, राजीव प्रसाद, विभारानी श्रीवास्तव, डॉ. मनोज गोवर्धनपुरी, निर्मला सिंह, अभिराम बुद्धवाहा, मीना पाण्डेय, नम्रता कुमारी और राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित थे। इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि साहित्यिक पत्रिकाएं किसी भाषा की जीवंतता और रचनात्मक ऊर्जा की आधारशिला होती हैं। विशेषकर लोकगीतों पर केंद्रित अंक हमारी सांस्कृतिक स्मृतियों को सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं। जरूरत इस बात की है कि साहित्यकार, संपादक, प्रकाशक और समाज मिलकर ऐसी पत्रिकाओं को प्रोत्साहित करें, ताकि भाषा की समृद्धि के साथ हमारी लोकपरंपराएं भी अगली पीढ़ियों तक पहुंचती रहे। 'विरासत' का यह विशेषांक इसी दिशा में एक सार्थक और सराहनीय पहल है।
—----------
0 Response to "विरासत' के लोकगीत विशेषांक का हुआ लोकार्पण - साहित्य सम्मेलन में कविताओं और लोक-संस्कृति की रही गूंज"
एक टिप्पणी भेजें