हर शख्स नरेन्द्र मोदी नहीं हो सकता

हर शख्स नरेन्द्र मोदी नहीं हो सकता


जितेन्द्र कुमार सिन्हा, पटना, 23 नवम्बर ::

राजनीति में लोकप्रियता हासिल करना अलग बात है और अलग-अलग राजनीतिक स्वार्थों, महत्वाकांक्षाओं तथा व्यक्तित्वों को एक सूत्र में बांधकर रखना बिल्कुल अलग बात। कोई नेता चुनाव जीत सकता है, सरकार बना सकता है, बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर सकता है, लेकिन सभी सहयोगियों को साथ लेकर चलने की कला हर किसी के पास नहीं होती है। इसके लिए केवल राजनीतिक अनुभव नहीं है, बल्कि दूरदृष्टि, समय की समझ, व्यक्तिगत संबंधों की अहमियत और नेतृत्व का असाधारण कौशल चाहिए। शायद इसी कला का नाम नरेन्द्र मोदी है।

कोई यूं ही आसमां की बुलंदियों पर नहीं बैठता और न ही हर शख्स नरेन्द्र मोदी हो सकता है। बिहार की धरती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हालिया दौरा इसका एक उल्लेखनीय उदाहरण बनकर सामने आया है। महज 16 मिनट के भाषण और कुछ आत्मीय मुलाकातों में उन्होंने गठबंधन की उन गांठों को मजबूती देने का प्रयास किया है, जिनके बारे में राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थी। यह दौरा केवल एक पुल के उद्घाटन, विकास परियोजनाओं की घोषणा अथवा सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं था। इसके भीतर बिहार की राजनीति, एनडीए के भविष्य, सहयोगियों के सम्मान और सत्ता के संतुलन का एक स्पष्ट संदेश छिपा था।

राजनीति में कभी-कभी लंबे भाषणों से अधिक प्रभाव कुछ मिनटों के व्यवहार का होता है। शब्दों की संख्या से नेतृत्व की क्षमता नहीं मापी जाती है, बल्कि इस बात से मापी जाती है कि उन शब्दों और संकेतों का राजनीतिक संदेश कितना व्यापक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने बिहार दौरे में यही कर दिखाया। उनका 16 मिनट का भाषण केवल विकास की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विवरण नहीं था। उसमें बिहार की राजनीतिक परिस्थितियों को समझने और एनडीए के घटक दलों के बीच विश्वास कायम रखने का संदेश भी था।

गठबंधन की राजनीति में हर सहयोगी दल की अपनी पहचान, अपनी महत्वाकांक्षा और अपना जनाधार होता है। कई बार छोटी-सी उपेक्षा भी बड़े राजनीतिक विवाद का कारण बन जाती है। ऐसे में शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी केवल सरकार चलाने की नहीं होती है, बल्कि सभी सहयोगियों को यह विश्वास दिलाने की होती है कि गठबंधन में उनकी भूमिका और सम्मान सुरक्षित है। नरेन्द्र मोदी ने अपने व्यवहार से यही भरोसा देने की कोशिश की। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि नेतृत्व में परिवर्तन अथवा नई राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद गठबंधन की मूल भावना और आपसी साझेदारी कमजोर नहीं हुई है।

बिहार की राजनीति में नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार का रिश्ता अपने आप में एक लंबा राजनीतिक अध्याय है। दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मतभेदों, दूरियों, फिर नजदीकियों और बदलते समीकरणों का इतिहास रहा है। लेकिन इन तमाम उतार-चढ़ावों के बावजूद दोनों के बीच राजनीतिक साझेदारी का महत्व कम नहीं हुआ। प्रधानमंत्री के पटना आगमन और नीतीश कुमार के साथ उनकी आत्मीयता ने एक बार फिर पुराने याराने की याद दिला दी। यह केवल दो नेताओं की औपचारिक मुलाकात नहीं थी, बल्कि बिहार के राजनीतिक भविष्य के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण संकेत था।

नीतीश कुमार बिहार की राजनीति के ऐसे नेता हैं, जिनकी पहचान विकास, प्रशासनिक अनुभव और लंबे राजनीतिक सफर से जुड़ी है। वहीं नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय राजनीति के सबसे प्रभावशाली चेहरों में शामिल हैं। दोनों की राजनीतिक शैली अलग हो सकती है, लेकिन बिहार में एनडीए की मजबूती के लिए दोनों का साथ महत्वपूर्ण है। नरेन्द्र मोदी ने नीतीश कुमार को जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ महत्व दिया, उससे यह संदेश गया कि बिहार में गठबंधन की राजनीति का आधार अभी भी आपसी विश्वास और साझेदारी है। किसी नए नेतृत्व के उभरने का अर्थ यह नहीं कि पुराने नेतृत्व की राजनीतिक उपयोगिता समाप्त हो गई। यही वह संतुलन है, जिसे साधना आसान नहीं होता है।

इस दौरे का एक महत्वपूर्ण और चर्चित पहलू निशांत कुमार के प्रति प्रधानमंत्री का स्नेहपूर्ण व्यवहार भी रहा। राजनीति में किसी व्यक्ति को सार्वजनिक मंच पर दिया गया सम्मान केवल व्यक्तिगत शिष्टाचार नहीं होता है। कई बार वह भविष्य की राजनीतिक संभावनाओं का संकेत भी बन जाता है। निशांत कुमार की राजनीतिक सक्रियता और उनके प्रति बढ़ती दिलचस्पी को बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है। स्वाभाविक है कि उनके मजबूत होने से भविष्य के राजनीतिक समीकरणों पर भी चर्चा होगी। खासकर भाजपा के लिए यह स्थिति राजनीतिक दृष्टि से कई तरह के प्रश्न खड़े कर सकती है, क्योंकि बिहार में नेतृत्व और सहयोगी दलों के बीच संतुलन बनाए रखना हमेशा महत्वपूर्ण रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निशांत को गले लगाकर जिस अपनत्व का परिचय दिया, वह एक अलग संदेश देता है। उन्होंने नई पीढ़ी को सम्मान देने के साथ-साथ नीतीश कुमार के व्यक्तित्व और राजनीतिक विरासत के प्रति भी आदर प्रदर्शित किया। यहां नरेन्द्र मोदी की राजनीतिक समझ को समझना आवश्यक है। वह जानते हैं कि गठबंधन केवल वर्तमान नेताओं के बीच का समझौता नहीं होता है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के बीच विश्वास का निर्माण भी जरूरी होता है। निशांत कुमार को सार्वजनिक रूप से स्नेह देना एक ओर जहां नीतीश कुमार के परिवार और राजनीतिक विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक था, वहीं दूसरी ओर यह संकेत भी था कि एनडीए भविष्य की संभावनाओं को लेकर असहज नहीं है, बल्कि संवाद और समन्वय के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहता है।

बिहार की राजनीति में स्वर्गीय रामविलास पासवान का अपना अलग स्थान रहा है। वे केवल एक बड़े दलित नेता ही नहीं थे, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में अपनी स्वीकार्यता और राजनीतिक दूरदर्शिता के लिए भी पहचाने जाते थे। उनके निधन के बाद चिराग पासवान के सामने अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की चुनौती थी। चिराग ने कठिन परिस्थितियों में अपनी राजनीतिक यात्रा जारी रखी। उनके सामने संगठन को मजबूत करने, समर्थकों का विश्वास बनाए रखने और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी जगह स्थापित करने की चुनौती थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रामविलास पासवान की स्मृतियों को याद कर चिराग पासवान के प्रति जिस आत्मीयता का प्रदर्शन किया, उसने इस रिश्ते को एक बार फिर चर्चा में ला दिया। चिराग को पिता जैसा स्नेह देना केवल व्यक्तिगत भावनाओं की अभिव्यक्ति नहीं थी, बल्कि एक बड़े राजनीतिक परिवार के प्रति सम्मान का प्रदर्शन भी था। राजनीति में विरासत का महत्व तभी कायम रहता है, जब नई पीढ़ी को पुराने नेतृत्व की उपलब्धियों और योगदान का सम्मान मिले। मोदी ने रामविलास पासवान को याद कर यह संदेश दिया कि राजनीतिक गठबंधन में सहयोगियों का योगदान समय के साथ भुलाया नहीं जाता है। चिराग के लिए भी यह व्यवहार महत्वपूर्ण है। इससे उन्हें यह भरोसा मिलता है कि राष्ट्रीय नेतृत्व उनके राजनीतिक भविष्य और उनकी भूमिका को महत्व देता है। गठबंधन में सम्मान की भावना ही सहयोग को स्थायी बनाती है।

बिहार की राजनीति में सम्राट चौधरी का उभार भी इस दौरे के राजनीतिक संदेश का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। भाजपा ने बिहार में नेतृत्व की जिम्मेदारी जिस तरह नए चेहरे को सौंपी है, उससे पार्टी के भीतर और बाहर दोनों जगह राजनीतिक चर्चाएं स्वाभाविक है। किसी भी बड़े राजनीतिक दल में अलग-अलग विचारधाराओं, महत्वाकांक्षाओं और नेतृत्व की दावेदारी का होना असामान्य नहीं है। भाजपा भी इससे अलग नहीं है। संगठन के भीतर कई नेता अपनी राजनीतिक क्षमता और जनाधार के आधार पर महत्वपूर्ण भूमिका की अपेक्षा रखते हैं। ऐसे में नेतृत्व परिवर्तन के बाद सभी को एक साथ लेकर चलना शीर्ष नेतृत्व की बड़ी परीक्षा होती है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सम्राट चौधरी को जिस तरह सार्वजनिक महत्व और प्रोत्साहन दिया, उससे भाजपा के भीतर एक स्पष्ट संदेश गया। यह संदेश केवल सम्राट चौधरी के समर्थन तक सीमित नहीं था, बल्कि पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए भी था कि केंद्रीय नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसके पीछे पूरी राजनीतिक और संगठनात्मक ताकत खड़ी है। सम्राट चौधरी को प्रोत्साहित करना और उनके नेतृत्व को स्वीकार्यता देना भाजपा की आंतरिक एकजुटता के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इससे गुटबाजी और नेतृत्व को लेकर चलने वाली अनावश्यक अटकलों पर विराम लगाने में मदद मिल सकती है। प्रधानमंत्री का संदेश साफ था कि नेतृत्व बदल सकता है, जिम्मेदारियां बदल सकती है, लेकिन संगठन की प्राथमिकता और गठबंधन का संतुलन नहीं बदलना चाहिए।

इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश यही माना जा सकता है कि बिहार में नेतृत्व के नए समीकरण बनने के बावजूद एनडीए की साझेदारी पहले की तरह कायम रहेगी। गठबंधन की मजबूती केवल सीटों के बंटवारे या चुनावी समझौतों से नहीं आती है। इसके लिए सहयोगी दलों के नेताओं के बीच व्यक्तिगत विश्वास, राजनीतिक सम्मान और भविष्य को लेकर स्पष्टता आवश्यक होती है। नीतीश कुमार का अनुभव, भाजपा का संगठनात्मक आधार, चिराग पासवान की राजनीतिक ऊर्जा और सम्राट चौधरी का नया नेतृत्व, ये सभी बिहार की एनडीए राजनीति के अलग-अलग महत्वपूर्ण पक्ष हैं। इन सबके बीच संतुलन बनाए रखना ही गठबंधन की सफलता की असली कसौटी है। नरेन्द्र मोदी ने अपने दौरे के दौरान अलग-अलग नेताओं को महत्व देकर यह संकेत दिया कि गठबंधन में किसी एक व्यक्ति या दल की भूमिका को दूसरे के विरुद्ध खड़ा करने की आवश्यकता नहीं है। सभी की अपनी जगह है और सभी का अपना योगदान है। यही गठबंधन धर्म है। राजनीति में सबसे बड़ी चुनौती केवल विरोधियों को पराजित करना नहीं है, बल्कि अपने सहयोगियों को साथ बनाए रखना भी है।

प्रधानमंत्री का बिहार दौरा विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा। पुल का उद्घाटन और विभिन्न विकास परियोजनाओं की घोषणाएं राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। बिहार जैसे राज्य के लिए सड़क, पुल, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक आधारभूत संरचना का विस्तार केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं है, बल्कि आर्थिक भविष्य का सवाल है। बेहतर संपर्क व्यवस्था से व्यापार बढ़ता है, रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों के बीच की दूरी कम होती है। किसी भी प्रदेश की विकास यात्रा में पुलों का महत्व केवल दो किनारों को जोड़ने तक सीमित नहीं होता है। पुल संभावनाओं को जोड़ते हैं, बाजारों को जोड़ते हैं, लोगों को जोड़ते हैं और विकास के नए रास्ते खोलते हैं।

बिहार को आज ऐसी ही विकासपरक राजनीति की आवश्यकता है, जहां राजनीतिक प्रतिस्पर्धा विकास की गति को बाधित करने के बजाय उसे आगे बढ़ाने का माध्यम बने। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे को इसी दृष्टि से भी देखना चाहिए। केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय, राजनीतिक स्थिरता और विकास की साझा प्राथमिकताएं बिहार को नई गति दे सकती है। हालांकि, विकास की वास्तविक सफलता उद्घाटन और घोषणाओं से आगे बढ़कर परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्ता और आम जनता को मिलने वाले लाभ से तय होगी। जनता को रोजगार, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और आर्थिक अवसर मिलेंगे, तभी विकास का दावा जमीन पर सार्थक होगा।

बिहार केवल एक राज्य नहीं है, बल्कि भारतीय राजनीति की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण राजनीतिक भूमि भी है। यहां की सामाजिक संरचना, राजनीतिक चेतना और जनमत का राष्ट्रीय राजनीति पर गहरा प्रभाव पड़ता है। बिहार में गठबंधन की सफलता का महत्व केवल राज्य की सत्ता तक सीमित नहीं रहता है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी उसका राजनीतिक संदेश जाता है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को सामान्य सरकारी कार्यक्रम मानकर नहीं देखा जा सकता है। नरेन्द्र मोदी ने अपने व्यवहार से यह स्पष्ट करने का प्रयास किया कि बिहार राष्ट्रीय विकास की प्राथमिकताओं में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां के नेताओं, सहयोगी दलों और राजनीतिक परिस्थितियों को समझना केंद्र की राजनीति के लिए भी आवश्यक है। बिहार की जनता ने हमेशा राजनीतिक बदलावों को अपनी विशिष्ट सामाजिक और राजनीतिक समझ के साथ स्वीकार किया है। यहां केवल नारों से राजनीति नहीं चलती। जनता नेतृत्व की कार्यशैली, विकास के परिणाम और राजनीतिक संबंधों की विश्वसनीयता को भी परखती है। ऐसे में प्रधानमंत्री का यह दौरा एनडीए के लिए अपने राजनीतिक संदेश को मजबूत करने का अवसर भी था।

नरेन्द्र मोदी की राजनीतिक शैली का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि वे सार्वजनिक व्यवहार को भी राजनीतिक संवाद का माध्यम बना देते हैं। किसी नेता से मुलाकात, किसी सहयोगी को दिया गया सम्मान, किसी पुराने साथी की स्मृति का उल्लेख या किसी नए चेहरे को प्रोत्साहन, इन सभी के पीछे परिस्थितियों के अनुरूप एक संदेश दिखाई देता है। उनकी विशेषता यह है कि वे राजनीतिक संबंधों को केवल वर्तमान जरूरतों के आधार पर नहीं देखते। वे अतीत के योगदान को याद रखते हैं, वर्तमान की जिम्मेदारियों को स्वीकार करते हैं और भविष्य की संभावनाओं के लिए जगह बनाने का प्रयास करते हैं।

नीतीश कुमार के साथ आत्मीयता, निशांत को स्नेह, चिराग पासवान के प्रति अपनापन और सम्राट चौधरी को प्रोत्साहन, इन चारों घटनाओं को एक साथ रखकर देखने पर प्रधानमंत्री के दौरे का व्यापक राजनीतिक अर्थ समझ में आता है। यह किसी एक नेता को बड़ा और दूसरे को छोटा दिखाने की राजनीति नहीं थी। इसके बजाय यह सभी को उनकी भूमिका के अनुरूप सम्मान देने और गठबंधन के भीतर विश्वास का वातावरण बनाने का प्रयास था। बेशक, राजनीति में हर संकेत के अपने निहितार्थ होते हैं और भविष्य में इनके परिणाम भी सामने आएंगे। लेकिन फिलहाल इस दौरे ने एनडीए के भीतर एकजुटता का संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

लोकतंत्र में नेतृत्व की असली परीक्षा केवल चुनावी जीत से नहीं होती है। उसकी पहचान इस बात से होती है कि वह अलग-अलग विचारों वाले लोगों को कितनी कुशलता से साथ लेकर चलता है। वह अपने सहयोगियों को कितना सम्मान देता है, संगठन के भीतर कितना विश्वास पैदा करता है और भविष्य की चुनौतियों के लिए कितनी दूरदृष्टि रखता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बिहार दौरा इसी राजनीतिक कौशल का एक उदाहरण बनकर सामने आया। एक तरफ विकास परियोजनाओं के माध्यम से बिहार के भविष्य की बात हुई, तो दूसरी तरफ व्यक्तिगत संबंधों और राजनीतिक सौहार्द के जरिए एनडीए की एकजुटता का संदेश दिया गया। नीतीश कुमार के साथ याराना, निशांत के प्रति अपनापन, चिराग पासवान को स्नेह और सम्राट चौधरी के नेतृत्व को समर्थन, इन सभी ने मिलकर यह संदेश दिया कि गठबंधन की मजबूती किसी एक चेहरे पर निर्भर नहीं है, बल्कि आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित है।

बिहार को भी अब ऐसी राजनीति की आवश्यकता है, जिसमें व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर विकास को प्राथमिकता मिले। पुल बनें, सड़कें बनें, उद्योग आएं, युवाओं को रोजगार मिले और राज्य अपनी पुरानी पिछड़ेपन की पहचान से बाहर निकलकर नई आर्थिक शक्ति के रूप में उभरे। नरेन्द्र मोदी के इस दौरे का मूल्यांकन आने वाले समय में विकास परियोजनाओं के परिणामों और गठबंधन की वास्तविक एकजुटता से होगा। लेकिन इतना जरूर है कि उन्होंने एक छोटे से राजनीतिक संवाद में कई बड़े संदेश देने की कोशिश की। आखिरकार, आसमान की बुलंदियों तक पहुंचना और वहां अपनी जगह बनाए रखना दोनों अलग-अलग बातें हैं। ऊंचाई तक पहुंचने के लिए परिश्रम, प्रतिभा और अवसर चाहिए, लेकिन उस ऊंचाई पर टिके रहने के लिए दूरदृष्टि, धैर्य और लोगों को साथ लेकर चलने की क्षमता चाहिए। इसीलिए कहा जाता है कि कोई यूं ही आसमां की बुलंदियों पर नहीं बैठता और न ही हर शख्स नरेन्द्र मोदी हो सकता है। बिहार के इस दौरे ने एक बार फिर यही साबित करने की कोशिश की कि राजनीति में केवल सत्ता हासिल करना बड़ी बात नहीं है, बल्कि संबंधों को साधकर, सहयोगियों का सम्मान बनाए रखकर और भविष्य की राह तैयार करके सत्ता को स्थिरता देना ही असली नेतृत्व है और यह कला हर किसी के बस की बात नहीं होती।
             --------------

0 Response to "हर शख्स नरेन्द्र मोदी नहीं हो सकता"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article