बामेती, पटना में गन्ना बीज उत्पादन प्रोटोकॉल कार्यशाला, मंत्री संजय कुमार ने किया उद्घाटन
गुणवत्तापूर्ण बीज से बढ़ेगा गन्ने का रकबा, 40 बीज उत्पादक हर साल तैयार करेंगे करीब दो करोड़ पौधे*
* ईख अनुसंधान संस्थान, पूसा और बसोका के विशेषज्ञों ने बताई बीज प्रमाणीकरण और नर्सरी की तकनीक
* राज्य के हर जिले के लिए बनेगा बीज उत्पादन प्रोटोकॉल
*पटना, 27 नवंबर 2026 :* गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने और किसानों तक रोगमुक्त बीज पहुंचाने के लिए गन्ना उद्योग विभाग ने शुक्रवार को बिहार कृषि प्रबंधन एवं प्रसार प्रशिक्षण संस्थान (बामेती), पटना में "गन्ना बीज उत्पादन प्रोटोकॉल कार्यशाला" आयोजित की। माननीय मंत्री, गन्ना उद्योग विभाग, श्री संजय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का उद्घाटन किया। दो तकनीकी सत्रों में बीज उत्पादक किसानों और नर्सरी संचालकों को आधार एवं प्रमाणित बीज उत्पादन, बीज प्रमाणीकरण, नर्सरी प्रबंधन और रोग-कीट नियंत्रण की जानकारी दी गई।
*पर्याप्त गन्ना होगा, तभी चलेंगी मिलें*
अपने अभिभाषण में मंत्री ने कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन की मजबूत व्यवस्था बनाने की दिशा में यह कार्यशाला महत्वपूर्ण कदम है। किसानों को फिर से गन्ने की खेती से जोड़ना और उनकी आमदनी बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, "चीनी मिलों की स्थापना तभी सफल होगी, जब किसानों के पास पर्याप्त गन्ना होगा।" उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य की सभी बंद पड़ी चीनी मिलें फिर से चालू हों और नई मिलें भी लगें, ताकि बिहार के युवाओं को यहीं रोजगार मिल सके। वारिसलीगंज एवं मोतीपुर जैसे क्षेत्रों में नई चीनी मिलों की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। ऐसे में इन मिलों की सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए गन्ने के खेती का रकबा बढ़ाना और पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण गन्ने की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर श्रेणी और यंत्र के हिसाब से 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान मिल रहा है। यंत्रीकरण बढ़ाने के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर और यंत्र बैंक भी बनाए जा रहे हैं। किसानों की समस्याएं जल्दी सुलझाने के लिए 'गन्ना साथी' चैटबॉट शुरू किया गया है। गन्ना रथ राज्य के सभी 38 जिलों में योजनाओं और नई तकनीकों की जानकारी दे रहा है। मंत्री ने बीज उत्पादकों से रोगमुक्त और अच्छी गुणवत्ता का बीज तैयार करने की अपील की। साथ ही भरोसा दिलाया कि किसानों की शिकायतों पर विभाग तुरंत कार्रवाई करेगा।
*मिलें 140-150 दिन चलें, इसके लिए बढ़ाना होगा रकबा*
विभाग के सचिव श्री धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि राज्य की चीनी मिलें अभी औसतन करीब 100 दिन ही चल पाती हैं। इन्हें कम से कम 140-150 दिन चलाने के लिए गन्ने का क्षेत्र बढ़ाना होगा। इसके लिए उन्होंने बीज की खपत घटाने, उन्नत किस्में अपनाने और वैज्ञानिक नर्सरी तकनीक पर जोर दिया। एक आंख (सिंगल बड) से पौधा तैयार करने वाली नर्सरी पद्धति में बीज कम लगता है, जिससे एक एकड़ के बीज से ज्यादा क्षेत्र में खेती हो सकती है। बीज उत्पादन का बेहतर प्रोटोकॉल वैज्ञानिकों और प्रगतिशील किसानों के साथ मिलकर तैयार किया जाएगा।
*40 बीज उत्पादक, हर साल करीब दो करोड़ पौधे*
ईखायुक्त श्री अनिल कुमार झा के मुताबिक बिहार में करीब पांच लाख एकड़ में गन्ने की खेती होती है। फिलहाल लगभग 40 बीज उत्पादक किसानों को हर साल करीब दो करोड़ पौधे तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने राज्य के हर जिले के लिए बीज उत्पादन प्रोटोकॉल बनाने की जरूरत बताई। साथ ही 20 से 30 प्रतिशत बीज प्रतिस्थापन दर पर खास ध्यान देने की बात कही। जमुई जैसे नए इलाकों में गन्ने की खेती और महिला किसानों को नर्सरी उद्यम से जोड़ने पर भी काम चल रहा है।
*सत्र-दर-सत्र कार्यशाला*
* *प्रथम सत्र:* ईख अनुसंधान संस्थान (एसआरआई), पूसा के वरीय वैज्ञानिक डॉ. नवनीत कुमार ने आधार एवं प्रमाणित बीज उत्पादन के प्रोटोकॉल और गुणवत्ता नियंत्रण की जानकारी दी।
* एसआरआई, पूसा के वरीय कीट विद् डॉ. अनिल कुमार ने बीजोपचार, रोग-कीट प्रबंधन और बीज की शुद्धता पर बात की।
* *उद्घाटन सत्र:* संयुक्त निदेशक, ईख विकास, श्री रेमन्त झा ने स्वागत भाषण में विभाग के क्रियाकलापों की जानकारी दी।
* *द्वितीय सत्र:* बिहार राज्य बीज एवं जैविक प्रमाणीकरण एजेंसी (बसोका) के निदेशक श्री नितेश कुमार राय ने गन्ना बीज प्रमाणीकरण की प्रक्रिया और मानक बताए।
* डॉ. नवनीत कुमार ने आधुनिक नर्सरी प्रबंधन और गुणवत्तायुक्त पौध तैयार करने की तकनीक समझाई।
* एसआरआई, पूसा के वरीय वैज्ञानिक डॉ. सी.के. झा ने नई तकनीक, किस्मों के चयन और पोषक तत्व प्रबंधन पर जानकारी दी।
* दोनों तकनीकी सत्रों में बीज उत्पादक किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। उद्घाटन और समापन, दोनों सत्रों का धन्यवाद ज्ञापन श्री रेमन्त झा ने किया।
*सुझावों के आधार पर योजनाओं को बनाया जाएगा और प्रभावी*
कार्यशाला में इस बात पर सहमति व्यक्त की गई कि बिहार में गन्ना खेती के विस्तार के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन, वैज्ञानिक नर्सरी प्रबंधन, प्रमाणित बीज की उपलब्धता, बीज की खपत में कमी तथा किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना आवश्यक है। वैज्ञानिकों, किसानों एवं बीज उत्पादकों से प्राप्त सुझावों को विभागीय स्तर पर संकलित कर भविष्य की योजनाओं एवं नीतियों में आवश्यकतानुसार शामिल किया जाएगा।
*किसान ऐसे लें योजना का लाभ*
बीज विकास योजना में सिंगल बड प्लांटलेट पर अधिकतम ₹15,000 प्रति एकड़ और आधार बीज उत्पादन पर अधिकतम ₹70,000 प्रति हेक्टेयर तक अनुदान मिलता है। आवेदन केन केयर पोर्टल *ccs.bihar.gov.in* पर किया जा सकता है। किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन *+91 612 221 5788* पर फोन करें।
इस मौके पर विभाग के अधिकारी, चीनी मिल एसोसिएशन के सचिव श्री नरेश भट्ट, बीज उत्पादक किसान और नर्सरी संचालक मौजूद रहे।
0 Response to "बामेती, पटना में गन्ना बीज उत्पादन प्रोटोकॉल कार्यशाला, मंत्री संजय कुमार ने किया उद्घाटन"
एक टिप्पणी भेजें