छठ महापर्व के आयोजन को लेकर घाटों का निरीक्षण एवं तैयारी शुरू
पटना, 29 अक्टूबर 2026
छठ महापर्व के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पटना जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। इस क्रम में सर्वप्रथम छठ घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का आकलन किया जा रहा है। इसके लिए पटना में स्थित छठ घाटों को समूहों में विभाजित करते हुए सेक्टर पदाधिकारियों, सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों एवं सहयोगी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त पदाधिकारी घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों का आकलन करेंगे तथा इस संबंध में अपना प्रतिवेदन समर्पित करेंगे।
जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने सभी सेक्टर पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का विस्तृत एवं सतत निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान घाटों के नाम एवं उनकी पहचान की पुष्टि करने के साथ-साथ उपयुक्त, अनुपयुक्त एवं खतरनाक घाटों को चिह्नित करना सुनिश्चित करें। यदि कोई नया घाट उपयोग के योग्य पाया जाता है, तो उसकी पहचान कर वहाँ भी आवश्यक सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन किया जाए। घाटों पर सीढ़ियों के निर्माण अथवा मरम्मत की आवश्यकता होने पर उसका भी आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, महिला एवं पुरुष छठ व्रतियों के लिए अलग-अलग शौचालय, पेयजल, चेंजिंग रूम, यात्री शेड तथा पार्किंग की व्यवस्था के लिए उपयुक्त स्थलों को चिह्नित किया जाए।
छठ घाटों एवं वहाँ तक पहुँचने वाले संपर्क पथों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक संख्या में वॉच टावर लगाने, प्रत्येक घाट पर नियंत्रण कक्ष तथा आवश्यकता के अनुसार सहायक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने की व्यवस्था का भी आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के अधिष्ठापन के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने सभी सेक्टर पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पटना नगर निगम सहित संबंधित विभागों, एजेंसियों एवं छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए घाटों पर चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी करें। निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों एवं आवश्यकताओं को स्पष्ट रूप से प्रतिवेदन में दर्ज किया जाए, ताकि समय रहते उनका निराकरण कराया जा सके और छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सभी सेक्टर पदाधिकारियों को 4 नवंबर 2026 तक अपना निरीक्षण प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है। प्राप्त प्रतिवेदनों के आधार पर घाटवार आवश्यकताओं का आकलन कर संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँगी।
जिला प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व के अवसर पर सभी उपयुक्त घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा, सुगम आवागमन, भीड़ प्रबंधन तथा बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि छठ व्रती एवं श्रद्धालु शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में महापर्व संपन्न कर सकें।
0 Response to "छठ महापर्व के आयोजन को लेकर घाटों का निरीक्षण एवं तैयारी शुरू"
एक टिप्पणी भेजें