कृषि अनुसंधान परिसर, पटना में सतर्कता प्रक्रियाओं एवं नैतिक कार्यप्रणाली के प्रति जागरूकता हेतु कार्यशाला आयोजित
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 (26 अक्टूबर से 1 नवंबर) के अंतर्गत “समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा” थीम पर हितधारकों को सतर्कता प्रक्रियाओं एवं नैतिक कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करने हेतु कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का उद्देश्य प्रशासनिक, वित्तीय, खरीद एवं अन्य कार्यालयी कार्यों में सतर्कता संबंधी नियमों, प्रक्रियाओं तथा आवश्यक सावधानियों के प्रति हितधारकों को जागरूक करना था। इस दौरान पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सत्यनिष्ठा बनाए रखने, निर्धारित नियमों का अनुपालन, उचित अभिलेख संधारण, हितों के टकराव से बचाव, निष्पक्ष निर्णय लेने तथा प्रक्रियागत अनियमितताओं की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी गई।
इस अवसर पर संस्थान के सतर्कता अधिकारी डॉ. शंकर दयाल ने सतर्कता जागरूकता, प्रक्रियागत अनुपालन तथा अनियमितताओं की रोकथाम में प्रत्येक कर्मचारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी पर बल दिया। उन्होंने संस्थागत कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं सत्यनिष्ठा बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया। कार्यशाला में समयबद्ध कार्य निष्पादन, सार्वजनिक धन एवं संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा प्रत्येक आधिकारिक कार्य में उचित सावधानी बरतने पर भी जोर दिया गया।
कार्यशाला में श्री पुष्पनायक, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (वरिष्ठ श्रेणी); श्री रजत कुमार दास, वित्त एवं लेखा अधिकारी; श्री रवि शंकर, सहायक प्रशासनिक अधिकारी (क्रय); श्री रश्मि कांत, सहायक; श्री मुरारी महाराज, तकनीकी अधिकारी तथा श्री उमेश कुमार मिश्र, सदस्य सचिव, मीडिया सहित संस्थान के अन्य कर्मचारियों एवं हितधारकों ने भागीदारी की।
0 Response to "कृषि अनुसंधान परिसर, पटना में सतर्कता प्रक्रियाओं एवं नैतिक कार्यप्रणाली के प्रति जागरूकता हेतु कार्यशाला आयोजित"
एक टिप्पणी भेजें