गन्ना खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा 3,173 किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद के लिए परमिट जारी

गन्ना खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा 3,173 किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद के लिए परमिट जारी


 माननीय गन्ना उद्योग मंत्री श्री संजय कुमार ने योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने का दिया निदेश
- 40 से 50 प्रतिशत तक मिलेगा अनुदान, पात्र किसानों के बैंक खाते में सीधे अंतरित होगी राशि

*पटना, 02 सितंबर 2026।*

माननीय गन्ना उद्योग मंत्री श्री संजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार गन्ना किसानों के सतत विकास, आर्थिक सशक्तीकरण एवं आय में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है। गन्ने की खेती को आधुनिक, कम लागत वाली एवं अधिक लाभकारी बनाने के लिए किसानों को उन्नत कृषि यंत्रों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों को गन्ना यंत्रीकरण योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा पात्र किसानों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ उपलब्ध कराने का निदेश दिया है।

माननीय मंत्री ने कहा, “गन्ना यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत किसानों को 44 प्रकार के कृषि यंत्रों एवं गन्ना जूसर मशीन की खरीद पर 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। योजना के तहत 3,173 किसानों को गन्ना खेती से संबंधित  विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्रों एवं गन्ना जूसर मशीन की खरीद के लिए परमिट जारी किए गए हैं।

इस योजना का उद्देश्य गन्ना किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराकर खेती में लगने वाले समय और श्रम को कम करना तथा उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि करना है। कृषि यंत्रों के उपयोग से गन्ने की बुआई से लेकर निराई-गुड़ाई, मिट्टी चढ़ाने तथा अन्य कृषि कार्यों को कम समय में बेहतर ढंग से पूरा करने में किसानों को सहायता मिलेगी।

*30 दिनों के भीतर अधिकृत विक्रेता से खरीद सकेंगे यंत्र*

परमिट जारी होने के बाद संबंधित किसान 30 दिनों के भीतर अधिकृत कृषि यंत्र विक्रेता से अपने स्वीकृत यंत्र की खरीद कर सकेंगे। योजना के तहत विभिन्न श्रेणियों के कृषि यंत्रों पर 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है। यंत्र की खरीद एवं निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र किसानों को अनुदान की राशि सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की जाएगी।

*सुमेक पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुआ था, आवेदन*

गन्ना यंत्रिकरण योजना के लिए किसानों से 1 अगस्त से 25 अगस्त तक सुमेक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए गए। प्राप्त आवेदनों का संबंधित सहायक निदेशक, ईख विकास द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन किया गया। सत्यापन के उपरांत पात्र किसानों के पक्ष में कृषि यंत्र खरीदने के लिए परमिट जारी किए गए हैं।

*किसानों की लागत घटेगी और कार्यक्षमता बढ़ेगी*

गन्ना खेती में कृषि कार्यों के लिए आधुनिक मशीनों के उपयोग से किसानों को समय पर कृषि कार्य पूरा करने में मदद मिलेगी। इससे श्रम लागत में कमी, कृषि कार्यों में तेजी और खेती की दक्षता में वृद्धि होगी। साथ ही, आधुनिक कृषि यंत्रों के माध्यम से गन्ने की खेती में वैज्ञानिक एवं यंत्रीकृत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
गन्ना उद्योग विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक गन्ना किसान आधुनिक कृषि तकनीकों और यंत्रीकरण को अपनाएं तथा कम समय एवं कम लागत में बेहतर गन्ना उत्पादन कर सकें। गन्ना मशीनीकरण योजना इसी उद्देश्य की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है।

0 Response to "गन्ना खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा 3,173 किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद के लिए परमिट जारी"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article