24 घंटे से बिजली गुल, शिकायत के बाद अधिकारियों ने बंद किया मोबाइल!
जकड़पुरा के वार्ड 18 और 20 में अंधेरा, करंट दौड़ने की घटना के बाद भी विभागीय अफसर बेखबर
लखीसराय के सूर्यगढ़ा नगर परिषद अंतर्गत जकड़पुरा ग्राम के वार्ड संख्या 18 और 20 में 31 अगस्त 2026 से अब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। करीब 24 घंटे से अधिक समय से बिजली गुल रहने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि 31 अगस्त को बारिश और बिजली गिरने के कारण पूरे दिन बिजली बाधित रही। देर शाम बिजली आने के बाद शॉर्ट सर्किट के कारण कुछ घरों में करंट दौड़ गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की जानकारी कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता को दी गई। लेकिन सूचना मिलने के बाद कथित तौर पर तीनों अधिकारियों ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया, जिससे लोगों को समस्या के समाधान के लिए संपर्क करने में भारी परेशानी हुई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इलाके में करंट दौड़ने जैसी गंभीर घटना हो चुकी थी और बिजली अब तक बहाल नहीं हुई, तब जिम्मेदार अधिकारी लोगों की शिकायत सुनने के बजाय मोबाइल बंद कर दें तो आम लोग अपनी समस्या किसके सामने रखें?
स्थानीय लोगों में विभाग की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जवाबदेही तय करने की मांग की है।
0 Response to "24 घंटे से बिजली गुल, शिकायत के बाद अधिकारियों ने बंद किया मोबाइल!"
एक टिप्पणी भेजें