गोलीकांड से दहला आन्दर - बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को मारी गोली
जितेन्द्र कुमार सिन्हा, पटना, 02 अगस्त ::
बिहार के सिवान जिले के आन्दर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान बीच-बचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। झगड़ा शांत कराने पहुंचे युवक को कथित तौर पर गोली मार दी गई, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में पहले आन्दर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर सदर अस्पताल सिवान और अंततः बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया। जहां उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद घायल युवक की मां ने आन्दर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
आवेदन के अनुसार, खेड़ापुर गांव निवासी मालती देवी ने बताया कि 16 जुलाई 2026 की रात करीब आठ बजे गांव में अंकुश खरवार, अजय खरवार तथा संजीत पंडित के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कई लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि संजीत पंडित, रवि गुप्ता, कन्हैया गुप्ता, मुकेश चौरसिया उर्फ नेउर, शिवम शर्मा, शिवशंकर पंडित सहित अन्य लोगों ने मिलकर अंकुश खरवार के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान मालती देवी के पुत्र मुकेश श्रीवास्तव वहां पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने तथा झगड़ा शांत कराने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान रवि गुप्ता ने जान से मारने की नीयत से मुकेश श्रीवास्तव पर गोली चला दी। गोली उनके बाएं पेट के पास लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, जिसके बाद सभी आरोपित वहां से फरार हो गए। ग्रामीणों की सहायता से घायल मुकेश श्रीवास्तव को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आन्दर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सिवान रेफर कर दिया। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें पीएमसीएच पटना भेजा गया, जहां उनका इलाज के क्रम में मृत्यु हो गई।
मालती देवी ने अपने आवेदन में कहा है कि पुत्र के इलाज में व्यस्त रहने के कारण वे घटना के अगले दिन, 17 जुलाई 2026 को थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दे सकी। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी नामजद आरोपितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस, सिवान इकाई के पदाधिकारियों ने आज आन्दर प्रखंड के खेड़ापुर गांव पहुंचकर दिवंगत स्वर्गीय मुकेश श्रीवास्तव के शोकाकुल परिवार से मुलाकात की तथा गहरी संवेदना व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष नीलेश वर्मा नील, उपाध्यक्ष राकेश सहाय, महासचिव कुमार प्रशांत, मीडिया हेड आकाश श्रीवास्तव, सचिव विनोद श्रीवास्तव एवं अतुल श्रीवास्तव शामिल थे।
दिवंगत मुकेश श्रीवास्तव के परिवार की स्थिति अत्यंत दयनीय है। लगभग छह वर्ष पूर्व उनकी पत्नी अनिता देवी का हाट अटैक से निधन हो चुका है। परिवार में 12 वर्षीय पुत्र, 8 वर्षीय पुत्री एवं 85 वर्षीय वृद्ध माता है। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य के निधन से पूरे परिवार के समक्ष गंभीर आर्थिक एवं सामाजिक संकट उत्पन्न हो गया है।
संगठन ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से मांग की है कि हत्या के सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा एवं अन्य सभी सरकारी सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
यह घटना एक बार फिर इस गंभीर सवाल को सामने लाती है कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए झगड़ा शांत कराने वाले लोग भी हिंसा का शिकार हो रहे हैं। यदि आवेदन में लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि समाज में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति का भी चिंताजनक संकेत है। फिलहाल मामला पुलिस के संज्ञान में है। जांच के बाद ही घटना के सभी तथ्यों और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस की निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद है।
-------------
0 Response to "गोलीकांड से दहला आन्दर - बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को मारी गोली"
एक टिप्पणी भेजें