बिदुपुर बहुग्रामीय जलापूर्ति योजना का सचिव ने किया निरीक्षण। संचालन में लापरवाही पर सचिव ने जताई नाराजगी, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता का वेतन बंद करने का दिया आदेश
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार के सचिव श्री बी. कार्तिकेय ने हाजीपुर प्रमंडल अंतर्गत बिदुपुर बहुग्रामीय जलापूर्ति योजना का औचक निरीक्षण कर योजना की प्रगति, जल शोधन एवं जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में सचिव ने योजना के अंतर्गत निर्मित जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण किया। इस जल शोधन संयंत्र की कुल जल शोधन क्षमता 16.63 MLD है। योजना अंतर्गत गंगा नदी के जल को शोधित कर बिदुपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के 159 वार्डों के लगभग 28,000 से अधिक परिवारों को आर्सेनिक मुक्त स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।
सचिव ने जल शोधन संयंत्र से संबंधित विभिन्न संरचनाओं एवं जलापूर्ति व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से इनके संचालन एवं रख-रखाव की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर सचिव ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता का वेतन बंद करने का आदेश दिया तथा अधिकारियों को कार्यों में सुधार लाने एवं योजना के बेहतर संचालन को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि जलापूर्ति योजना के संचालन एवं रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। योजना से जुड़ी सभी संरचनाओं की नियमित निगरानी, बेहतर रख-रखाव तथा तकनीकी कमियों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
सचिव ने कहा कि आमजन को नियमित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी एवं अभियंता योजनाओं के सुचारू संचालन, सतत निगरानी एवं त्वरित शिकायत निवारण सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को निर्बाध शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलती रहे।
0 Response to "बिदुपुर बहुग्रामीय जलापूर्ति योजना का सचिव ने किया निरीक्षण। संचालन में लापरवाही पर सचिव ने जताई नाराजगी, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता का वेतन बंद करने का दिया आदेश"
एक टिप्पणी भेजें