LLB प्रवेश परीक्षा पेपर लीक, पीजी फीस वृद्धि एवं MFA की पढ़ाई शुरू नहीं होने के खिलाफ AISF ने पटना विश्वविद्यालय में निकाला प्रतिरोध मार्च
पटना। पटना विश्वविद्यालय में पीजी पाठ्यक्रमों की फीस में व्यापक वृद्धि, LLB प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक तथा विश्वविद्यालय में अब तक MFA (Master of Fine Arts) की पढ़ाई शुरू नहीं किए जाने के विरोध में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) ने शनिवार को प्रतिरोध मार्च निकाला।
प्रतिरोध मार्च दरभंगा हाउस से शुरू होकर पटना विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंचा। इस दौरान छात्र “इंकलाब जिंदाबाद”, “फीस वृद्धि वापस लो”, “LLB प्रवेश परीक्षा पेपर लीक की जांच करो”, “दोषियों पर कार्रवाई करो”, “पटना विश्वविद्यालय प्रशासन मुर्दाबाद” और “AISF जिंदाबाद” जैसे गगनचूंबी नारेबाजी करते हुए प्रतिरोध मार्च विश्वविद्यालय गेट पर पहुंचते ही प्रशासन द्वारा गेट बंद करने का प्रयास किया गया। जिसके बाद छात्र उग्र हो गये और गेट को धक्का देते हुए कुलपति के कार्यालय तक पहूंच गयें। जिससे आनन फानन में कुलपति कार्यालय के पिछले रास्ते से भाग गये। जिसके बाद छात्र वहीं धरने पर बैठ गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे। लगभग चार घंटे तक कुलपति कार्यालय के बाहर आंदोलन जारी रहा।
बाद में विश्वविद्यालय के डीन एवं प्रॉक्टर के साथ छात्रों की लंबी बातचीत हुई। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कुलपति के साथ जल्द वार्ता करवाने के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना प्रतिरोध मार्च समाप्त किया।
इसके बाद वही पर एक सभा का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता एआईएसएफ पटना विश्वविद्यालय नेता प्रिंस राज ने की। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पटना विश्वविद्यालय के कुलपति लगातार छात्रों की समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं और छात्रों से संवाद करने के बजाय तानाशाही रवैया अपना रहे हैं। छात्रों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से होना चाहिए, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार इससे बचने की कोशिश कर रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए AISF पटना विश्वविद्यालय के नेता बिट्टू भारद्वाज ने कहा कि कुलपति मनमाने तरीके से विश्वविद्यालय चलाने की कोशिश कर रहे हैं। जब विश्वविद्यालय प्रशासन एक प्रवेश परीक्षा को भी पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित नहीं कर सकता, तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि LLB प्रवेश परीक्षा में हुए पेपर लीक की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा को दोबारा आयोजित किया जाए।
वहीं AISF पटना जिला सचिव मीर सैफ अली ने कहा कि पटना विश्वविद्यालय में MFA की पढ़ाई शुरू हो यह AISF की लंबे समय से चली आ रही मांग है, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन अविलंब MFA की पढ़ाई शुरू करे और पीजी पाठ्यक्रमों में की गई फीस वृद्धि को तत्काल वापस ले।
उन्होंने कहा कि LLB प्रवेश परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, पुनः परीक्षा, पीजी फीस वृद्धि की वापसी तथा MFA की पढ़ाई शुरू करने की मांगों पर यदि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द ठोस निर्णय नहीं लेता है, तो AISF इससे भी व्यापक और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
प्रतिरोध मार्च एवं सभा में महीमा कुमारी, उदित यादव, हर्ष, मुकुंद, रौशन, आदर्श, किशलय, समीर, आदित्य, कमल सहित दर्जनों छात्र मौजूद थे।
0 Response to "LLB प्रवेश परीक्षा पेपर लीक, पीजी फीस वृद्धि एवं MFA की पढ़ाई शुरू नहीं होने के खिलाफ AISF ने पटना विश्वविद्यालय में निकाला प्रतिरोध मार्च"
एक टिप्पणी भेजें