बिहार की बदहाल शिक्षा और बेरोजगारी के खिलाफ 6 सितंबर को पटना में जुटेगा Gen Z — AISA-RYA का ऐलान
21 अगस्त 2026, पटना
बिहार में बदहाल शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, फीस वृद्धि, विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता पर हमले और छात्रों-युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों पर बढ़ते दमन के सवालों को लेकर *Gen Z Rising – बिहार चैप्टर* के तहत आज पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस को AISA के अखिल भारतीय महासचिव कॉमरेड प्रसेनजीत, RYA के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कॉमरेड अजीत कुशवाहा, AISA बिहार के राज्य अध्यक्ष कॉमरेड धनंजय, JNUSU के संयुक्त सचिव कॉमरेड दानिश तथा AISA बिहार की उपाध्यक्ष कॉमरेड सबा आफ़रीन ने संबोधित किया।
AISA बिहार के राज्य अध्यक्ष कॉमरेड धनंजय ने कहा कि बिहार के हर विश्वविद्यालय और शिक्षण संस्थान से सवाल उठ रहे हैं, लेकिन सरकार शिक्षा और युवाओं के भविष्य को पूरी तरह हल्के में ले रही है। उन्होंने बताया कि AISA की टीम बिहार के अलग-अलग विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और स्कूलों में जाकर छात्रों और युवाओं से संवाद कर रही है। सरकारी स्कूलों की जर्जर स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कई स्कूलों में पर्याप्त कक्षाएं, कंप्यूटर और प्रयोगशालाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। मिड-डे मील में गड़बड़ियों से लेकर स्कूलों के बंद होने और शिक्षकों की कमी तक, शिक्षा व्यवस्था गहरे संकट में है। उन्होंने ऐलान किया कि इन तमाम सवालों को लेकर 6 सितंबर को पटना के S.K. Memorial Hall में बिहार के Gen Z का बड़ा छात्र-युवा जुटान और छात्र युवा संसद आयोजित होगी।
JNUSU संयुक्त सचिव कॉमरेड दानिश ने कहा कि पिछले कई महीनों से देशभर में शिक्षा और रोजगार के सवालों पर व्यापक आंदोलन चल रहा है। जंतर-मंतर के आंदोलन से लेकर बिहार के गांवों और जिलों तक छात्रों और युवाओं की आवाज पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि केवल केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से शिक्षा व्यवस्था नहीं सुधरेगी; पूरे शिक्षा तंत्र की जवाबदेही तय करनी होगी। AISA की टीम ने सिवान, आरा, बेतिया, छपरा और दरभंगा समेत कई जिलों में छात्रों से संवाद किया है और सेशन में देरी, डिग्री नहीं मिलने, फीस वृद्धि, परीक्षा में गड़बड़ी, घूसखोरी तथा सरकारी स्कूलों की बदहाली जैसे मुद्दों को सामने लाया है। उन्होंने बताया कि दरभंगा में एक ऐसे स्कूल का भी मामला सामने आया जहां पहली से बारहवीं तक की पढ़ाई के लिए महज चार कक्षाएं हैं।
RYA राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कॉमरेड अजीत कुशवाहा ने कहा कि स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक बिहार की पूरी व्यवस्था को सरकार ने बदहाल कर दिया है। परीक्षाएं समय पर नहीं हो रही हैं और रोजगार के सवाल को लगातार निजी कंपनियों के हवाले किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूल और कॉलेज खोलने के नाम पर सिर्फ इमारतों को भगवा रंग से रंगने में लगी है, जबकि लाइब्रेरी, प्रयोगशाला और बुनियादी सुविधाएं गायब हैं। रोजगार की स्थिति यह है कि युवा पलायन करने को मजबूर हैं और कई जगह नौकरी के नाम पर युवाओं से पैसे वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चार कमरों में डिग्री कॉलेज चलाना बिहार के युवाओं के भविष्य के साथ मजाक है। गर्दनीबाग में आंदोलनरत अभ्यर्थियों के प्रति समर्थन जताते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की आंखों में दिख रहा गुस्सा अब एक बड़े आंदोलन में बदलेगा।
AISA के अखिल भारतीय महासचिव कॉमरेड प्रसेनजीत ने कहा कि बिहार में Gen Z Rising अभियान के तहत अलग-अलग विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के सवाल अब बिहार की Gen Z खुद उठाएगी। फीस वृद्धि से लेकर शिक्षा के निजीकरण, परीक्षा व्यवस्था और रोजगार तक के मुद्दों पर AISA लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि NEP और नए शिक्षा संबंधी कानूनों के जरिए शिक्षा को और अधिक केंद्रीकृत एवं जनविरोधी बनाने की कोशिश हो रही है, जिसके खिलाफ 6 सितंबर को S.K. Memorial Hall में बड़ा जुटान होगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का नेतृत्व AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड नेहा करेंगी।
AISA बिहार की उपाध्यक्ष कॉमरेड सबा आफ़रीन ने कहा कि बिहार के वे सभी छात्र और युवा जो सवाल पूछते हैं, जिन्हें नरेंद्र मोदी दिल्ली से "दिमागी नक्सल" कहते हैं अब संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि Gen Z Rising अभियान के तहत AISA बिहार की टीम बिहार के हर जिले, हर विश्वविद्यालय और स्कूल तक पहुंच रही है तथा जागरूक Gen Z और Gen Alpha को संगठित कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा-आरएसएस की सरकारें अगर संसद और विधानसभा में शिक्षा, रोजगार और युवाओं के सवाल नहीं उठाएगी तो बिहार के छात्र-युवा स्कूलों में कमरों की कमी से लेके पटना यूनिवर्सिटी एक्ट 1976 को बचाने जैसे बड़े सवाल अपनी छात्रा युवा संसद में खुद उठाएंगे और उनके समाधान के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाएंगे।
0 Response to "बिहार की बदहाल शिक्षा और बेरोजगारी के खिलाफ 6 सितंबर को पटना में जुटेगा Gen Z — AISA-RYA का ऐलान"
एक टिप्पणी भेजें