ह्यूमन राइट्स डिफेंडर” के संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष से वरिष्ठ पत्रकार ने ली जानकारी

ह्यूमन राइट्स डिफेंडर” के संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष से वरिष्ठ पत्रकार ने ली जानकारी

जितेन्द्र कुमार सिन्हा, पटना, 02 जुलाई ::

वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र कुमार सिन्हा से ह्यूमन राइट्स डिफेंडर के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार सिन्हा के साथ विशेष बातचीत हुई। बातचीत के क्रम में जितेन्द्र कुमार सिन्हा ने ह्यूमन राइट्स डिफेंडर के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार सिन्हा से जानकारी ली कि “ह्यूमन राइट्स डिफेंडर” की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्या है?

इस संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि “ह्यूमन राइट्स डिफेंडर” की स्थापना समाज के उन वर्गों के लिए की गई है जो पीड़ित, असहाय, वंचित और विस्थापित हैं। हमारा मुख्य उद्देश्य ऐसे लोगों को उनके संवैधानिक और मानवीय अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे अपने अधिकारों को समझ सकें और सम्मानजनक जीवन जी सकें। हम मानते हैं कि जागरूकता ही सामाजिक परिवर्तन की पहली सीढ़ी है।

वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र कुमार सिन्हा ने जानना चाहा कि पीड़ित और असहाय लोगों को अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए संस्था क्या प्रयास कर रही है?

इस प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा गांवों, कस्बों और शहरी झुग्गी-बस्तियों में जागरूकता शिविर, संगोष्ठियां और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों में आम लोगों को उनके मौलिक अधिकार, कानूनी अधिकार और सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाती है। हमारा प्रयास है कि डर और अज्ञानता के कारण कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे।

जितेन्द्र कुमार सिन्हा ने पूछा कि मुफ्त कानूनी सहायता के क्षेत्र में “ह्यूमन राइट्स डिफेंडर” की क्या भूमिका है?

इस प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि गरीब और पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए न्याय तक पहुंचना अक्सर सबसे बड़ी चुनौती होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संस्था मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराती है। हमारे साथ जुड़े अधिवक्ता जरूरतमंदों को कानूनी सलाह देते हैं, आवेदन और याचिका तैयार करने में सहयोग करते हैं तथा न्यायिक प्रक्रिया की जानकारी देते हैं। हमारा लक्ष्य है कि आर्थिक अभाव किसी को न्याय से दूर न करे।

वरिष्ठ पत्रकार ने जानना चाहा कि सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए संस्था किन स्तरों पर कार्य कर रही है?

इस प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि सामाजिक और आर्थिक उत्थान के बिना अधिकारों की बात अधूरी है। संस्था गरीब और पिछड़े वर्ग के लोगों को स्वरोजगार, सरकारी योजनाओं, पेंशन, छात्रवृत्ति और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने का प्रयास करती है। इसके अलावा हम समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।

जितेन्द्र कुमार सिन्हा ने पूछा कि ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संस्था की क्या पहल है?

इस प्रश्न के उत्तर में उन्होंने जानकारी दी कि ग्रामीण और सुदूर इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की भारी कमी है। इसे देखते हुए ह्यूमन राइट्स डिफेंडर द्वारा मुफ्त चिकित्सा सहायता शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में डॉक्टरों की टीम सामान्य स्वास्थ्य जांच, परामर्श और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराती है। हमारा मानना है कि स्वास्थ्य का अधिकार हर नागरिक का मूल अधिकार है।

जितेन्द्र कुमार सिन्हा का अगला प्रश्न था कि महिलाओं और लड़कियों के सशक्तिकरण के लिए संस्था क्या कर रही है?

राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार सिन्हा  ने एक लंबी सांस लेते हुए कहा कि महिलाओं और लड़कियों का सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। संस्था द्वारा उन्हें कौशल विकास से जोड़ने के लिए मुफ्त शिक्षा एवं सिलाई प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जाते हैं। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनती हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में सक्षम होती हैं। हम मानते हैं कि सशक्त महिला ही सशक्त समाज की नींव होती है।

वरिष्ठ पत्रकार ने पूछा कि क्या संस्था केवल इन्हीं कार्यों तक सीमित है?

इसका उत्तर देते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नहीं, “ह्यूमन राइट्स डिफेंडर” उन सभी कार्यों को करने के लिए प्रतिबद्ध है जो संस्था के संविधान के अनुरूप हैं। मानवाधिकार संरक्षण, सामाजिक न्याय, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और कमजोर वर्गों के हित में कोई भी कार्य हो, हम पूरी निष्ठा से उसमें सहभागिता करते हैं।

वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र कुमार सिन्हा ने अपनी अंतिम प्रश्न में पूछा कि भविष्य को लेकर आपकी क्या योजनाएं हैं?
राजेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि भविष्य में हमारा लक्ष्य संस्था के कार्यों को और व्यापक बनाना है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके। हम चाहते हैं कि “ह्यूमन राइट्स डिफेंडर” देश के हर कोने में मानवाधिकारों की आवाज बने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और अवसर पहुंचे।

यह वार्ता–लाप स्पष्ट करता है कि ह्यूमन राइट्स डिफेंडर केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का एक सशक्त माध्यम है, जो पीड़ित और वंचित वर्ग को अधिकार, न्याय और आत्मसम्मान दिलाने के लिए निरंतर कार्यरत है।
           —--------------

0 Response to "ह्यूमन राइट्स डिफेंडर” के संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष से वरिष्ठ पत्रकार ने ली जानकारी"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article