मद्यनिषेध नीति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभाग ने जारी किए सख्त निर्देश
अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई में लाई जाएगी और अधिक तेजी, शिकायतों का 24 घंटे के भीतर होगा निष्पादन
जून माह में मद्यनिषेध अभियान की बड़ी सफलता: 122275 छापेमारी, 13,166 गिरफ्तार
पटना, बिहार सरकार के मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी नीति के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभाग ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिया गया।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भंडारण पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाया जाएगा। विभागीय समीक्षा में यह कहा की मद्यनिषेध नीति के बेहतर क्रियान्वयन के लिए शिकायतों के त्वरित निष्पादन, नियमित छापेमारी तथा सतत निगरानी को और मजबूत किया जाएगा। इसी के मद्देनज़र सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार, टोल फ्री नंबर 15545 एवं 18003456268 पर प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका त्वरित निष्पादन किया जाएगा तथा प्रतिदिन इसकी समीक्षा कर रिपोर्ट मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
विभाग द्वारा संचालित सभी ग्रुप सेंटरों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित नोडल छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उप आयुक्त मद्यनिषेध स्वयं प्रत्येक सप्ताह अपने क्षेत्र के जिलों में इन अभियानों का नेतृत्व एवं अनुश्रवण करेंगे। इसके अतिरिक्त प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, दूरभाष, ई-मेल, पत्र अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त मद्यनिषेध नीति उल्लंघन संबंधी शिकायतों पर 24 घंटे के भीतर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यालय स्तर पर प्राप्त शिकायतों की भी प्रतिनियुक्त अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा की जाएगी तथा जिला स्तर पर उनके त्वरित निष्पादन की निगरानी की जाएगी। सभी जिलों में कार्यरत मद्यनिषेध पदाधिकारियों एवं कर्मियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करते हुए उनके कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी तथा इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी।
साथ ही सभी चेकपोस्टों पर निगरानी और सुदृढ़ करते हुए वहां तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों के कार्यों का नियमित मूल्यांकन एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाएगा। विभाग के वरीय अधिकारी समय-समय पर विभिन्न जिलों का औचक निरीक्षण कर मद्यनिषेध नीति के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे।
दिनांक 01 जून 2026 से 30 जून 2026 तक राज्यभर में मद्यनिषेध अभियान के अंतर्गत व्यापक कार्रवाई की गई। इस अवधि में कुल 122275 छापेमारी की गई, जिसके फलस्वरूप 11,339 कांड दर्ज किए गए तथा 13166 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान कुल 730472 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसके अतिरिक्त, अभियान के दौरान 969 वाहनों को भी जब्त किया गया, जिनमें 724 दोपहिया, 65 तिपहिया, 158 चारपहिया तथा 22 ट्रक शामिल हैं।
0 Response to "मद्यनिषेध नीति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभाग ने जारी किए सख्त निर्देश"
एक टिप्पणी भेजें