नाबार्ड आम महोत्सव–2026: किसानों के बगीचों से सीधे आपके घर तक रसायन-मुक्त आम
24 जून 2026, पटना (बिहार)
राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड), बिहार क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा 25 एवं 26 जून 2026 को बिहार राज्य सहकारी संघ (Bihar State Cooperative Federation Limited), बुद्ध मार्ग, पटना में “नाबार्ड आम महोत्सव–2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण किसानों को शहरी उपभोक्ताओं से सीधे जोड़ना तथा उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध कराना है।
नाबार्ड के आम महोत्सव- 2026 में बिहार के विभिन्न जिलों से आए किसानों द्वारा उत्पादित मालदा, दशहरी, लंगड़ा, अमरापाली, बम्बई ग्रीन (बम्बैया), जर्दालु, मल्लिका, लोकनायक, फजली, गुलाबखास, कृष्णभोग, हिमसागर तथा अन्य स्थानीय एवं विशिष्ट किस्मों के आम उपलब्ध रहेंगे।
इस महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां उपलब्ध आम सीधे किसानों के बगीचों से उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जाएंगे। बिक्री के लिए रखे गए आम रसायन-मुक्त (कार्बाइड-फ्री) हैं, जिन्हें प्राकृतिक एवं सुरक्षित तरीके से पकाया गया है। उपभोक्ताओं को न केवल स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक आम मिलेंगे, बल्कि वे उन किसानों से भी सीधे संवाद कर सकेंगे जिन्होंने इनका उत्पादन किया है।
नाबार्ड का वाडी परियोजना, आदिवासियों के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य जनजातीय समुदायों की आजीविका को सुदृढ़ बनाना और उनकी आय में वृद्धि करना है। बिहार में नाबार्ड ने अब तक 33 वाडी परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया है, जिनसे 19,000 से अधिक जनजातीय परिवार लाभान्वित हुए हैं। आम महोत्सव में भाग लेने वाले अनेक किसान इसी जनजातीय विकास पहल के लाभार्थी हैं, जिन्होंने फलोद्यान आधारित आजीविका के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।
इसके अतिरिक्त, नाबार्ड ने बिहार के 38 जिलों में लघु एवं सीमांत किसानों को संगठित करने के उद्देश्य से 302 किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) का गठन एवं संवर्धन किया है, जिनसे लगभग 1.40 लाख किसान जुड़े हुए हैं। आम महोत्सव में इन किसान उत्पादक संगठनों को भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विपणन करने का अवसर मिलेगा।
यह आयोजन किसानों को शहरी बाजार की मांग को समझने, उपभोक्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करने तथा बिचौलियों की भूमिका कम करते हुए बेहतर मूल्य प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगा। वहीं, पटना और आसपास के उपभोक्ताओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और ताजे आम सीधे उत्पादक किसानों से खरीदने का अनूठा अनुभव मिलेगा।
नाबार्ड सभी आम प्रेमियों, उपभोक्ताओं, संस्थागत खरीदारों एवं थोक व्यापारियों से इस महोत्सव में भाग लेने तथा जनजातीय एवं ग्रामीण किसानों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने का आग्रह करता है। यह महोत्सव केवल आमों का उत्सव नहीं, बल्कि ग्रामीण समृद्धि, जनजातीय सशक्तिकरण और किसान-उपभोक्ता प्रत्यक्ष संपर्क का एक सशक्त मंच है।
स्थान: बिहार राज्य सहकारी संघ, बुद्ध मार्ग, पटना, तिथि: 25–26 जून 2026; समय: प्रातः 10:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक
0 Response to "नाबार्ड आम महोत्सव–2026: किसानों के बगीचों से सीधे आपके घर तक रसायन-मुक्त आम"
एक टिप्पणी भेजें