जिलाधिकारी ने सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा की, पदाधिकारियों को सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया
ज़िलाधिकारी द्वारा 57 नोडल अधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है
=========================
प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित होगा, जनता की समस्याओं का *समयबद्ध समाधान* सुनिश्चित किया जाएगा।
स्थानः पंचायत सरकार भवन / निकटवर्ती सार्वजनिक स्थल
दिनांक: 19.05.2026 (मंगलवार) से शुभारंभ, इसके बाद प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार
समयः सुबह 10:00 बजे से
जिला प्रशासन, पटना की जनता से अपील: सहयोग शिविर में आप अधिक-से-अधिक संख्या में पहुँचें और अपनी समस्या का समाधान पाएं। इसके बारे में अपने परिवार और परिचितों को भी जानकारी दें। अब आपको सरकारी दफ्तर का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा बल्कि अधिकारी आपके द्वार आएंगे।
निःशुल्क हेल्पलाइन: 1100 (सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी के लिए 8 बजे सुबह 8 बजे शाम तक संपर्क किया जा सकता है)
कभी भी ऑनलाइन परिवाद दर्ज करें: सहयोग पोर्टल (sahyog.bihar.gov.in) पर
===============
माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा के आलोक में पटना जिला में भी 'सबका सम्मान, जीवन आसान' के संकल्प को धरातल पर उतारने एवं जन-समस्याओं के त्वरित तथा प्रभावी समाधान हेतु 19 मई से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा तथा जनता की समस्याओं का त्वरित एवं विधिवत समाधान कर आवेदकों को लिखित रूप से सूचना दी जाएगी। *परिवाद दर्ज करने की तिथि से 30 दिनों के अंदर उसका निष्पादन सुनिश्चित कर सहयोग पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा।*
ज़िलाधिकारी, पटना द्वारा शिविर के लिए तिथिवार पंचायतों का रोस्टर निर्धारित किया गया है तथा जिला स्तर से वरीय अधिकारियों को प्रतिनियुक्त करते हुए उन्हें शिविरों का सफल आयोजन कर जन शिकायतों का प्रभावी ढंग से समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आज उन्होंने इसकी *तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया*। अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र अंतर्गत शिविरों के आयोजन का अनुश्रवण करने के लिए निर्देशित किया गया है।
19 मई को पटना जिला के विभिन्न प्रखंडों के 40 पंचायतों में कैंप लगाया जाएगा। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को सहयोग शिविरों के आयोजन के संबंध में सघन जन-जागरूकता अभियान चलाने का निदेश दिया गया है ताकि लोग इसका लाभ उठाएं।
==================
सहयोग शिविर में आप किन *समस्याओं* के लिए आएँ?
१.राशन, पेंशन, आवास, मनरेगा इत्यादि योजनाओं से संबंधित समस्याएँ
२.भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन इत्यादि राजस्व मामले
३.जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं अन्य प्रमाण पत्र
४.बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि से संबंधित शिकायतें
५.किसी भी सरकारी योजना से संबंधित समस्या/शिकायत/सुझाव
==================
सहयोग शिविर आयोजन तिथि से 30 दिन पूर्व से आमजन के लिए आवेदन देने की व्यवस्था: ज़िलाधिकारी ने निदेश दिया है कि संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सहयोग शिविर की निर्धारित तिथि दिनांक 19.05.26 के लिए तत्काल प्रभाव से दिनांक 19.05.26 तक एवं उसके पश्चात निर्धारित तिथियों के लिए तीस दिन पूर्व से ही आयोजन स्थल पर आवेदन / परिवाद पत्र प्राप्त करने हेतु कर्मी की उपस्थिति कराते हुये आमजन से आवेदन / परिवाद पत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे। *मौके पर भी आवेदन स्वीकार* किए जाएंगे।
====================
ज़िलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्या के त्वरित निराकरण के लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग एवं सक्रिय है। इसके लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार के आदेशानुसार सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान’’ (Ease of living) के तहत नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाईयों को कम कर उनके जीवन को और आसान बनाने के लिए पटना जिलांतर्गत विभिन्न कार्यालयों में पदाधिकारियों द्वारा आमजन से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। प्रत्येक सप्ताह के दो कार्य दिवस (सोमवार एवं शुक्रवार) को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला के सभी सरकारी कार्यालयों में आमलोग अपनी शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारी से उनके निर्धारित कार्य-स्थल/कार्यालय कक्ष में निर्धारित अवधि में मिल रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर भी 'सबका सम्मान, जीवन आसान' के संकल्प को धरातल पर उतारने तथा “आपकी सरकार, आपके द्वार” संकल्पना के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण क़दम है। इसके तहत आम नागरिकों को अपनी समस्या, शिकायत एवं सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रखने तथा उसके द्रुत एवं प्रभावी समाधान का प्रावधान है। अब जनता की हर समस्या का समाधान उनके पंचायत में ही होगा। सभी विभागों के अधिकारी पंचायत में एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगे। लोगों की समस्याओं की सम्मानपूर्वक सुनवाई तथा उसका समयबद्ध समाधान किया जाएगा।
ज़िलाधिकारी ने कहा कि पंचायतवार सहयोग शिविर सम्बद्ध वरीय पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की जायेगी। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों को सुगमता एवं सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए पदाधिकारियों को निम्नलिखित निर्देश दिया गया है:-
01. सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अपने अधीनस्थ निर्धारित पंचायतों में सहयोग शिविर का चयन सम्बद्ध वरीय पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही निर्धारित स्थल पर शिविर का आयोजन पूर्वाह्न 10:00 बजे से प्रारम्भ कराते हुये प्रखण्ड स्तरीय सभी संबंधित पदाधिकारी एवं संबंधित पंचायत के सभी कर्मी निर्धारित स्थल पर ससमय उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे।
02. शिविर संचालन हेतु व्यवस्था व सभी आवश्यक कार्रवाई संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अपने स्तर से करना सुनिश्चित करेंगे। *सहयोग शिविर स्थल पर 19 विभागों का काउंटर तथा स्टॉल लगाया जाएगा*।
03. संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अपने स्तर से आवेदन / परिवाद पत्र प्राप्त करने हेतु सहयोग शिविर की निर्धारित तिथि दिनांक 19.05.26 के लिए तत्काल प्रभाव से दिनांक 19.05.26 तक एवं उसके पश्चात निर्धारित तिथियों के लिए *तीस दिन* पूर्व से ही आयोजन स्थल पर आवेदन / परिवाद पत्र प्राप्त करने हेतु कर्मी की उपस्थिति कराते हुये आमजन से आवेदन / परिवाद पत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे तथा प्राप्त आवेदन/प्राप्त परिवाद पत्र का पंजी में संधारण करेंगे। मौके पर भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। प्रत्येक दिन आवेदन / परिवाद पत्र पर कार्रवाई हेतु प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अपने स्तर से संबंधित पदाधिकारियों को भेजना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही *एटीआर* (कृत कार्रवाई प्रतिवेदन) प्राप्त करेंगे, ताकि शिविर के लिए शिविर के दिन कृत कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन आवेदक को उपलब्ध कराया जा सके।
04. सभी संबंधित पदाधिकारी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के माध्यम से प्राप्त आवेदन / परिवाद पत्र पर यथाशीघ्र विभागीय नियमानुसार कार्रवाई करते हुये कृत कार्रवाई प्रतिवेदन (एटीआर) प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
05. सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी अपने स्तर से संबंधित पंचायत के माननीय जनप्रतिनिधियों व क्षेत्रीय कर्मियों के माध्यम से जन-जन को आयोजित शिविर के संबंध में सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
06. जिला स्तर से विभिन्न माध्यमों से शिविर का प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
07. आयोजन स्थल पर आम जन को ससम्मान बैठने हेतु व्यवस्था एवं अन्य अनुषंगी व्यवस्था संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अपने स्तर से करना सुनिश्चित करेंगे।
08. सभी सहयोग शिविर में अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं अंचल अधिकारी स्तर के पदाधिकारी अपने न्यायालय में लम्बित एवं निष्पादित वादों / मामलों की सूची का प्रदर्शन कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करायेंगे, जिससे उपस्थित लोगों को लम्बित व निष्पादित मामलों की जानकारी सहज ढंग से उपलब्ध हो सके। संबंधित पंचायत के सहयोग शिविर आयोजन के पूर्व उक्त पंचायत के राजस्व संबंधी सभी मामलों का नियमानुसार निष्पादन करेंगे।
09. प्राप्त आवेदनों का निराकरण संबंधित अधिनियमों / योजनाओं में निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत करना सुनिश्चित करेंगे, जिसकी लिखित सूचना शिविर में आवेदक को उपलब्ध करायेंगे।
10. सभी पदाधिकारी/कर्मियों को निदेश दिया गया है कि शिविर में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों / शिकायतों को पंजीकृत करेंगे तथा शिविर समाधान पोर्टल का उपयोग करते हुये जन शिकायत निवारण आदि से संबंधित कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।
11. सभी जिला-स्तरीय पदाधिकारियों को निदेश दिया गया है कि अपने विभाग अन्तर्गत केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी शिविर में स्वयं उपस्थित रहकर स्थानीय स्तर पर आम जन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
12. शिविर की अध्यक्षता हेतु प्राधिकृत वरीय पदाधिकारी को निदेश दिया गया है कि शिविर समाप्ति के उपरान्त एक संक्षिप्त प्रतिवेदन ज़िलाधिकारी को उपलब्ध करायेंगे, जिसमें आवेदकों/वादों के निष्पादन में संतोषजनक काम नहीं करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों की भी जानकारी अंकित करेंगे ताकि उसके आधार पर समुचित कार्रवाई की जा सके।
13. आयोजित होने वाले शिविर का जिला स्तर पर अनुश्रवण जिला विकास शाखा, पटना द्वारा किया जायेगा। प्रभारी पदाधिकारी, जिला विकास शाखा, पटना को निदेश दिया गया है कि सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुये विभागीय पत्र में प्राप्त निदेश के आलोक में ससमय सभी आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।
14.*संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी अपने क्षेत्र अंतर्गत शिविरों के आयोजन का अनुश्रवण करेंगे*।
====================
विदित हो कि *शिविर के सफल आयोजन के लिए ज़िलाधिकारी ने सहयोग सेल गठित करते हुए 57 नोडल अधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया है*।
ज़िलाधिकारी ने कहा कि *जन शिकायतों का निवारण अपरिहार्य है तथा जनता की संतुष्टि अनिवार्य है*। पदाधिकारीगण इसे विशेष रुचि लेकर सुनिश्चित करेंगे। परिवादों के सिर्फ निष्पादन से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निदेशित किया गया है कि पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ जन-कार्यों के प्रति संवेदनशीलता सुनिश्चित करते हुए योजनाओं का सफल क्रियान्वयन करें ताकि लोगों को सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं का ससमय लाभ मिले।
=====================
सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से जानिए अपने पंचायत में आयोजित होने वाली सहयोग शिविर की तिथि और स्थान की जानकारी।
ऑनलाइन परिवाद दर्ज करने के लिए सहयोग पोर्टल sahyog.bihar.gov.in पर विजिट करें।
=====================
0 Response to "जिलाधिकारी ने सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा की, पदाधिकारियों को सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया "
एक टिप्पणी भेजें