मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने ग्रहण किया श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार सरकार का पदभार
*विभाग की कल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश के युवाओं, श्रमिक बंधुओं और असंगठित क्षेत्र के कामगारों को जोड़ना है लक्ष्य: अरुण शंकर प्रसाद*
*बोर्ड के नवीनतम पोर्टल का माननीय मंत्री ने किया शुभारंभ, श्रमिकों के निबंधन में होगी सहूलियत*
पटना, आज दिनांक 8 मई 2026 को को श्री अरुण शंकर प्रसाद ने माननीय मंत्री, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग एवं युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग विभाग, बिहार सरकार का पदभार ग्रहण किया।
उक्त अवसर विभाग के सचिव, श्री दीपक आनन्द के द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। साथ ही विशेष सचिव, श्री सुनील कुमार यादव, श्रमायुक्त श्री राजेश भारती के द्वारा भी पुष्पगुच्छ देकर माननीय मंत्री का अभिनंदन किया गया, इस अवसर पर विभाग के सभी पक्षों के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत माननीय मंत्री को विभागीय सचिव श्री दीपक आनन्द ने विभाग की संरचनाओं एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा श्रमिकों के हितार्थ कुल 16 प्रकार जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित कर रहा है वहीं दूसरी तरफ प्रवासी मजदूरों के हितार्थ भी योजना चलाई जा रही है जिसके तहत प्रवासी मजदूर जो राज्य से बाहर अन्य प्रांतो या विदेशों में जीविकोपार्जन के उद्देश्य से प्रवास कर रहे हैं। उन्हें दुर्घटना के फलस्वरुप स्थायी एवं अस्थायी अपंगता की स्थिति में अनुदान दिये जाने का प्रावधान है। साथ ही, मृत प्रवासी श्रमिकों के पार्थिव शरीर को परिवहन के किसी भी साधन से उनके पैतृक आवास तक पहुँचाने पर व्यय का वहां राज्य सरकार करेगी।
कामगार एवं शिल्पकार मजदूरों के लिए भी बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा (संशोधन) योजना, 2024 का संचालन किया जा रहा है जिसके तहत दुर्घटना मृत्यु, निःशक्तता की स्थिति, असाध्य रोगों के लिए चिकित्सा सहायता के साथ उनके बच्चों के लिए छात्रवृति की राशि भी प्रदान कराई जाती है। योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए समय-समय पर कैंप लगाकर आवेदन लिए जा रहे हैं और उनका निष्पादन भी किया जा रहा है।
खाड़ी देशों में फंसे मजदूरों के लिए विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किये गए ताकि जरूरतमंद श्रमिकों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
बालश्रम से बच्चों को विमुक्त कराने हेतु बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग कार्यरत है। हमारे अधिकारी प्रशासन के साथ मिलकर बालश्रम में लगे बच्चों को विमुक्त कराने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा बाल श्रमिकों को मुक्त कराने के लिए धावा दल का भी गठन किया गया, जिसका उद्देश्य समाज से बाल श्रम को खत्म करना और लोगों में जागरूकता लाना है।
अभी हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न श्रेणी के श्रमिकों के लिए बनाए गए श्रम संहिता कानूनों का भी विभाग रुपरेखा तैयार कर रहा है, जल्द ही इसे यहाँ भी लागू करने का कार्य किया जाएगा।
माननीय मंत्री ने निर्माण श्रमिकों के निबंधन हेतु बिहार भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के नवीनतम वेबसाइट पोर्टल https://bocwboard.Bihar.gov.in
का लोकार्पण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में श्रमिकों के लिए चल रही योजनाओं को जमीन पर शत-प्रतिशत उतारना मेरी पहली प्राथमिकता होगी।
यह विभाग केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर एवं श्रमिक वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम भी है। हमें यह सोचना है कि हम बिहार से पलायन की दर को कैसे कम कर सकते हैं, श्रमिकों के जीवन में किस प्रकार सुधार ला सकते हैं तथा उनके जीवन को अधिक आसान और सुरक्षित कैसे बना सकते हैं। श्रमिकों को विभाग द्वारा मिलने वाली सभी सुविधाएँ बेहतर तरीके से उन तक पहुँचें, यह हमारी प्राथमिकता होगी।
साथ ही बाल श्रम को रोकना भी एक बड़ी चुनौती है। आज भी कई स्थानों पर बाल श्रम देखने को मिलता है। इसे सख्ती से रोकना आवश्यक है। इसके साथ-साथ मानव तस्करी जैसी गंभीर समस्याएँ भी इससे जुड़ी हुई हैं। हमें इस पर प्रभावी रोक लगाने के लिए शीघ्र और ठोस कदम उठाने होंगे।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि विभाग के अधिकारियों के सहयोग से हम इस कठिन कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करेंगे।
0 Response to " मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने ग्रहण किया श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार सरकार का पदभार"
एक टिप्पणी भेजें